दिल्ली में सरेआम पिट गया विधायक, 3 गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार राजा पार्क, सुल्तानपुरी निवासी सुल्तानपुर माजरा के विधायक जयकिशन बुधवार रात एक समारोह से घर लौट रहे थे। उन्होंने देखा कि कुछ युवक झगड़ा कर रहे है। जयकिशन के मुताबिक कार रोककर वे युवकों के पास पहुंचे और कारण पूछा। इस पर एक पक्ष उल्टा उनसे उलझ गया और जातिसूचक शब्द कहकर पिटाई करना लगा।
आरोप के मुताबिक मारपीट में मोनू, उसका पिता ओमप्रकाश और पड़ोसी अमित शामिल था। तीनों ने जयकिशन को नाले में धक्का दे दिया। इससे उनके सिर में चोट लगी। जयकिशन ने मोनू को दबोचकर पुलिस को जानकारी दी। मोनू को हिरासत में लेकर पुलिस ने जयकिशन को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
विधायक जयकिशन का आरोप है कि आरोपी लड़के अकसर यहां आने वाली लड़कियों को छेड़ते हैं। उन्होंने कई बार इसकी पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने आरोपी मोनू, उसके पिता ओमप्रकाश और पड़ोसी अमित के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और जातिसूचक शब्द कहने का मामला दर्जकर गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications