भरी अदालत में जज को जान से मारने की कोशिश

यह सब कैसे हुआ अदालत में मौजूद लोग समझ नहीं पाए। युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि हमलावर करनाल के ही निसिंग क्षेत्र के प्यौंत का निवासी सुरेंद्र है जो पेशे से कैंटर चालक है। पुलिस के मुताबिक आरोपी किसी मामले में जज के फैसले से नाराज था। जज वर्मा ने हमले के पीछे साजिश होने की आशंका जताई है। दोपहर करीब तीन बजे सिविल जज हेमराज वर्मा अदालत में केस की सुनवाई कर रहे थे।
इसी दौरान सुरेंद्र अदालत के कठघरे के पास पहुंचा। अचानक उसने जेब से कट्टा निकाला और जज की तरफ तान कर फायर करने की कोशिश की, लेकिन कट्टा जवाब दे गया। इसके बाद उसने दो बार फायर करने की कोशिश की। तभी अदालत में मौजूद हेडकांस्टेबल गुरजीत सिंह ने कट्टे के आगे अपना हाथ अड़ा दिया और उसका रुख भी जज की ओर से हटा दिया।
इतने में ही कोर्ट के नायब ईएसआइ राजकुमार और हेडकांस्टेबल ने बहादुरी दिखाते हुए युवक को दबोच लिया। तलाशी लेने पर युवक की जेब से एक कारतूस मिला, जबकि एक कारतूस कट्टे में लोड था। डीएसपी सिटी जोगिंद्र राठी व सेक्टर 13 चौकी इंचार्ज जगन्नाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। न्यायाधीश हेमराज ने पूरे वाकये से सेशन जज राज राहुल गर्ग को अवगत करा दिया है। न्यायाधीश की शिकायत पर पुलिस ने सुरेंद्र के खिलाफ धारा 449, 307, 120बी, 25/54/59 आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया। बार काउंसिल ने घटना की निंदा की है।












Click it and Unblock the Notifications