कुलदीप बिश्नोई व जयप्रकाश सहित 18 प्रत्याशियों को नोटिस जारी

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हरियाणा जनहित कांग्रेस (बीएल) के प्रत्याशी कुलदीप बिश्नोई, लोक परिवर्तन पार्टी के दुलीचंद तथा निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार, रणजीत सिंह, प्रदीप सिंह, कर्मवीर, ओमप्रकाश, वेदपाल को निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन पत्र दाखिल करने के उपरान्त चुनाव खर्च के लिए अलग से बैंक खाता खुलवाने तथा उसका विवरण जिला निर्वाचन अधिकारी को देने के लिए कहा गया था, परन्तु उपरोक्त प्रत्याशियों ने अभी तक सूचना नहीं दी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें नोटिस जारी करके 24 घंटे के भीतर उत्तर देने के लिए कहा है। कांग्रेस के प्रत्याशी जयप्रकाश, दलित क्रांति दल के रामजस धोलीपाल व निर्दलीय प्रत्याशी वेद प्रकाश, शेर सिंह, अनूप सिंह, रामनिवास शर्मा को खाते की जांच के लिए निर्धारित तिथि पर पहली बैठक में उपस्थित न होने व चुनाव खर्च संबंधी खातों का निर्वाचन आयोग के अनुरूप विवरण न देने के कारण नोटिस जारी किया गया है। निर्दलीय प्रत्याशी बलजीत, लक्ष्मण दास, अनिल कुमार व नवीन कुमार को बैंक खातों की जानकारी न देने, खाते की जांच से संबंधित निर्धारित तिथि पर बैठक में उपस्थित न होने व चुनाव खर्च संबंधी खाते का सही विवरण देने के कारण नोटिस जारी किए हैं।
चुनाव या उपचुनाव में उम्मीदवारों को बैंक खातों का सही विवरण देने के अधिकतम तीन अवसर दिए जाते हैं। निर्धारित अवसरों तक प्रत्याशी आयोग को चुनावी खर्च का बैंक ब्योरा उपलब्ध नहीं कराता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यहां तक कि उम्मीदवारी भी खत्म हो सकती है। जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त डॉ. अमित अग्रवाल कहते हैं कि चुनाव खर्च का बैंक ब्योरा हर हाल में देना पड़ता है।












Click it and Unblock the Notifications