हरियाणा: भिवानी में जहरीली शराब पीने से दो की मौत

खेत में बाजरे की कटाई होने के बाद शनिवार देर सायं काकड़ौली सरदारा निवासी आनंद, बारड़ा निवासी राजेश व मालियावास निवासी नरेश ने खेत में बैठकर शराब पी। थोड़ी ही देर में तीनों को उल्टी होने लगी। आनंद व राजेश मौके पर ही बेसुध हो गए वहीं नरेश ने पास ही खेत में रह रहे अपने जीजा रामफल को जानकारी दी। रामफल व अन्य परिजनों ने तीनों को तुरंत बंसीलाल सिविल अस्पताल, भिवानी में पहुंचाया।
38 वर्षीय आनंद व 40 वर्षीय राजेश को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। नरेश को भिवानी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया है। वहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने 20वर्षीय अतुल पुत्र रामभगत निवासी काकड़ौली सरदारा के खिलाफ जहरीला पदार्थ देने के आरोप में भादंसं की धारा 328, 304 ए के तहत मामला दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications