इंजीनियरिंग कालेज से आयी थी लखनऊ रेलवे स्टेशन उड़ाने की धमकी

राज्य के विशेष पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था बृजलाल ने बताया कि आतंकवाद निरोधक दस्ते ने धमकी भरे ई-मेल का पता लगा लिया है। धमकी वाला ई-मेल लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट से आया था। उन्होंने बताया कि सिक्का नेटवर्क ने बिजनौर में स्थित एक इंस्टीट्यूट को आजाद डायरेक्टर के नाम से दो आईडी दी हुयी हैं।
वाईफाई नेटवर्क से इस्टीट्यूट में कोई भी मेल कर सकता है इसका कोई पासवर्ड नहीं था। बृजलाल के अनुसार एटीएस ने संस्थान का कम्प्यूटर व हार्ड डिस्क जब्त कर ली है। विशेषज्ञ कम्प्यूटर हार्डडिस्क का परीक्षण कर रहे हैं ताकि इसमें से अन्य जानकारियां मिल सकें।
गौरतलब है कि दिल्ली के एक निजी चैनल और उत्तर पूर्व रेलवे को कल सुबह ई-मेल आया जिसमें लिखा गया था कि चारबाग स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4, 5, 6 व 7 पर बम लगा दिए गये हैं तथा स्टेशन को किसी भी वक्त बम से उड़ाया जा सकता है। सूचना पर राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रेलवे ए.के. जैन को दी जिसके बाद पुलिस व सुरक्षा अधिकारी हरकत में आ गए।
देखते ही देखते पूरा स्टेशन छावनी में तब्दील हो गया और पुलिस अधिकारियों बम निरोधक दस्ते व खोजी कुत्तों की मदद से स्टेशन पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। काफी देर तक तलाशी के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। पुलिस का कहना है कि जिस व्यक्ति ने मेल किया वह काफी जानकार था उसे यह अच्छी तरह से पता था कि संस्थान में इंटरनेट प्रयोग करने में पासवर्ड की आवश्यकता नहीं होती। इस बात का लाभ उठाते हुए उसने मेल किया और चुपचाप चलता बना। फिलहाल विशेषज्ञ जांच में जुटे हैं और उम्मीद है कि जल्द ही मेल करने वाले का पता चल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications