लड़की छेडऩे की सजा सरेआम पांच जूते

युवक का कसूर था कि उसने इलाके की एक युवती को छेड़ा था। युवती को छेड़े जाने की घटना जब पंचायत के समझ पहुंची तो पंचायत ने युवक को हिदायत दी कि वह पीडि़त युवती को बहन कहे तथा युवती से उसे पांच जूते मारकर माफ करने का फैसला सुनाया।
एक ओर पंचायत ने यह फैसला सुनाकर आरोपी को माफ किए जाने का फरमान जारी कर दिया। पंचायत के फैसले से खफा युवती पक्ष के लोगों ने बदले की भावना से काम करते हुए आरोपी युवक के परिवार की एक महिला के साथ छेड़छाड़ कर कपड़े फाड़ दिये जाने से इलाके में तनाव फैल गया।
उक्त मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब दोनों पक्षों ने पुलिस ने तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने हमेशा की भांति एक बार फिर पंचायत के फैसले के आगे दण्डवत करते हुए सुलह समझौता कराकर मामला निबटा दिया। जिले के बाबरी थानान्तर्गत साल्हाखेड़ी गांव में दो दिन पहले एक स्थानीय बसपा नेता के पुत्र ने गोबर डालने जा रही गांव की ही अपनी बिरादरी की एक युवती से छेडख़ानी की। युवती के विरोध के बाद मामला पंचायत पहुंच गया।
ग्राम प्रधान जितेन्द्र के घर में ग्रामीणों की पंचायत हुई जिसमें आरोपी युवक को पांच जूते मारने की सजा सुनाई गई और युवक ने सार्वजनिक रूप से मामले को लेकर युवती से माफी मांगी और उसे अपनी बहन कहा।
पंचायत में उपस्थित ब्राह्मण भाईचारा कमेटी के अध्यक्ष नरेश शर्मा के अनुसार यह मामला पंचायत में निपटा दिया गया। लेकिन युवती के घरवालों को पंचायत का यह फैसला नगवांर गुजरा और उन्होंने कुछ घंटो बाद दूसरे पक्ष की महिला के साथ छेड़छाड़ कर अपना बदला लेने का प्रयास किया। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी जिसके बाद दोनों पक्षों को बाबरी थाने में बुलाकर सुलह करवा मामला शांत कराया गया।












Click it and Unblock the Notifications