पहले कहा कार में आग लगी, बाद में आ गई लूट की कहानी

स्वतंत्र नगर निवासी मनोज कुमार (23) इको कार चलाता है। उसने पुलिस को बताया कि बुधवार की रात वह राजा हरीशचंद्र अस्पताल के पास से घर जा रहा था। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया और चाकू की नोंक पर ढाई हजार रुपये, मोबाइल और एटीएम कार्ड लूट लिया। बदमाशों के भागने के दौरान जब उसने शोर मचाया तो बदमाश वापस आए और उसे चाकू मारकर हाथ को स्टेयरिंग में बांध दिया।
इसके बाद कार में आग लगा दी। जबकि पुलिस का कहना है कि कार में सीएनजी लीक होने से आग लगी है। पुलिस ने उसके बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अगर बदमाशों ने उसके हाथ को कार में बांध दिया तो वह झुलसा क्यों नहीं। वह चाकू मारने की बात कह रहा है लेकिन शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं है। रात में सिर्फ कार के जलने की सूचना दी गई थी। जिला पुलिस उपायुक्त बीएस जयसवाल ने बताया कि मनोज के बदलते बयान को देखकर मामला संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल, उससे पूछताछ कर मामले की असलियत जानने का प्रयास किया जा रहा है। जांच में पता चला कि कार में अवैध रूप से सीएनजी किट लगवाई हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications