कांग्रेस ने दिया शीला को अभयदान

प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में शनिवार को हुई कांग्रेस की कोर कमेटी की बैठक में यह तय हुआ कि शीला से फिलहाल इस्तीफा नहीं मांगा जाएगा। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा को हटाने बाद शीला का इस्तीफा मांग रही भाजपा को कांग्रेस महासचिव व मीडिया प्रभारी जनार्दन द्विवेदी ने टका सा जवाब भी दे दिया कि कर्नाटक और दिल्ली की तुलना का कोई सवाल ही नहीं है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के आवास पर हुई बैठक में सोनिया के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल, रक्षा मंत्री एके एंटनी और वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने मौजूदा हालात पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेतृत्व ने दिल्ली सरकार पर उठाए गए सवालों को मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार की पुष्टि मानने से इंकार कर दिया है।
कांग्रेस के उच्चपदस्थ सूत्रों ने कहा, 'राष्ट्रमंडल खेलों में कैग ने ज्यादा खर्च पर सवाल उठाए हैं, जिनका लोक लेखा समिति और संसद में आकलन होगा। इसमें शीला दीक्षित पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है।' उधर, बीएस येद्दयुरप्पा के इस्तीफे से तिलमिलाई भाजपा भी कांग्रेस को इस मुद्दे पर छोड़ना नहीं चाहती है। इसलिए वह नई रणनीति बनाने में जुट गई है। बताया जा रहा है कि भाजपा सोमवार से संसद के भीतर सरकार पर और तीखे हमले करेगी।












Click it and Unblock the Notifications