मुंबई बम ब्लास्ट: गुनाहगारों की रांची में तलाश, नतीजा शून्य

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एनआईए की टीम ने शक्रवार की देर रात बरियातू स्थित सिमी आतंकी मंजर इमामुद्दीन के घर छापा मारा।
पुलिस ने बताया कि जांच दल ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से इंडियन मुजाहिदीन के आतंकवादी दानिश उर्फ रियाज के करीबी साथी, सिमी के मंजर इमामुद्दीन के घर पर छापा मारा, लेकिन वह घर पर नहीं मिला। घर पर उसके पिता अली इमामुद्दीन और अन्य परिजन मिले।
पिता ने जांच दल को बताया कि मंजर इलाज के लिए रांची से बाहर गया हुआ है, लेकिन वह यह नहीं बता सके कि मंजर कहां इलाज करा रहा है। एनआईए का जांच दल और रांची पुलिस मंजर का पता लगा रही है। बताया जाता है कि एनआईए को आशंका है कि दानिश और मंजर ने जिन दो दर्जन युवकों को इंडियन मुजाहिदीन में भर्ती किया था उनमें से ही कुछ का बुधवार को मुंबई में हुए धमाकों में हाथ हो सकता है।
मुंबई धमाकों की अहम कड़ी है मंजर इमामुद्दीन
सुरक्षा एजेंसियों ने हरिद्वार की जेल में बंद आईएसआई एजेंट आबिद, फुरकान और सुलतान से मिलने वालों की जानकारी ली है। इनके मेरठ और बीकानेर में संपर्को की पड़ताल भी की जा रही है। 2008 के अहमदाबाद धमाकों के आरोपी रांची के मंजर इमाम के घर एनआइए की तलाशी के साथ ही दिल्ली पुलिस भी उसकी तलाश में है। मंजर के साथ ही 2008 में दिल्ली धमाकों के आरोपी जुनैद की भी तलाश है।
दोनों दिल्ली में सक्रिय रहे हैं। बटला हाऊस एनकाउंटर और उसके उपरांत की कार्रवाई के बाद से ये दोनों फरार हैं। एजेंसियों की माने तो कुछ समय पूर्व जुनैद को दिल्ली में देखा गया था और दिल्ली हाईकोर्ट की कार पार्किग में हुए विस्फोट को उससे जोड़कर देखा जा रहा है। एजेंसियों के अनुसार जुनैद और मंजर पाकिस्तान में बैठे रियाज भटकल और इकबाल भटकल के साथ ही मुंबई और गुजरात के आइएम आतंकियों के संपर्क में है। दोनों मुंबई धमाकों की गुत्थी सुलझाने में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं।
गोल्ड मेडलिस्ट है मंजर
मंजर बरियातू निवासी अली इमाम खान का पुत्र है। मंजर ने बरियातू सरकारी उच्च विद्यालय से मैट्रिक, रांची कॉलेज से इंटर, स्नातक व स्नातकोत्तर किया। 2007 में उर्दू स्नातकोत्तर में उसे गोल्ड मेडल मिला। 2007 से ही वह रांची में बेरोजगार है। मंजर के चार भाई और तीन बहनें भी हैं। मंजर अभी कुंवारा है।
एनआईए ने यहां-यहां की छापेमारी पर नतीजा रहा शून्य
हरिद्वार-रुड़की: केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने आइएसआइ एजेंट फुरकान, आबिद और सुलतान से जेल में मिलने वालों की जानकारी ली। होटलों, धर्मशालाओं व आश्रमों में ठहरने वालों पर भी नजर
दिल्ली: आइएम आतंकी जुनैद और मंजर इमाम की तलाश में जुटी है पुलिस
उत्तर प्रदेश: मऊ, मुरादाबाद, इलाहाबाद, फैजाबाद, मेरठ एवं गोरखपुर में कई स्थानों पर एटीएस का छापा, मुगलसराय स्टेशन पर एक संदिग्ध व्यक्ति गिरफ्तार












Click it and Unblock the Notifications