अलीगढ़ में राहुल गांधी की महापंचायत में आ सकते हैं 1 लाख किसान

वैसे इसमें कोई गुरेज नहीं कि कांग्रेस का यह अनुमान सही बैठे। जी हां क्योंकि राहुल गांधी ने पिछले चार दिनों में ना केवल किसानों के साथ वार्ताएं की, बल्कि कांग्रेस का जनाधार मजबूत करने के लिए जमकर जनसंपर्क किया और घर बैठे किसानों को महापंचायत में आने का न्योता दिया। इस बीच दलित किसानों के घर पर दाल-रोटी खायी, चारपायी पर सोये और किसानों के घरों के अंदर रातें गुजारी।
हम भले ही इसे राहुल गांधी का ड्रामा कहें, लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि यह सब करके राहुल गांधी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों के हीरो जरूर बन गये हैं। जाहिर है भारत की आम जनता अपने हीरो के लिए कुछ भी करने को तैयार हो जाती है। जी हां इन सब को देखते हुए अलीगढ़ में एक लाख किसानों के जुटने की पूरी संभावना बन चुकी है। ताज़ा खबर है कि महापंचायत स्थल पर 50 हजार से ज्यादा किसान पहुंच चुके हैं। अब देखना यह है कि शाम तक यह संख्या कितनी होती है।
राहुल गांधी यहां सिर्फ आधे घंटे का भाषण देंगे। बाकी 4 घंटे वो 40 गांवों के प्रतिनिधियों की बात सुनेंगे और उसके बाद आधे घंटे वो उनके साथ सीधा संवाद करेंगे। इस महापंचायत में राहुल अकेले नहीं होंगे। यहां कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी, नेता प्रमोद तिवारी और जगदम्बिका प्रसाद समेत कई दिग्गज पहुंचने वाले हैं।
हम आपको बता दें कि शुक्रवार की शाम पदयात्रा की समाप्ति के वक्त राहुल गांधी ने मीडिया को संबोधित करते हुए एक बार फिर उत्तर प्रदेश सरकार को दलाल सरकार करार दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इन चार दिनों में उन्होंने जो पाया है, वो जिंदगी भर नहीं भूलेंगे। भूमि अधीग्रहण के कारण जीवन से संघर्ष कर रहे किसानों को जरूर न्याय दिलायेंगे। राहुल ने कहा कि वो किसानों की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर लायेंगे।
ताज़ा अपडेट- राहुल गांधी की इस महापंचायत की शुरुआत होने से पहले तेज बारिश शुरू हो गई है। पंडाल के अंदर पानी आने लगा है, जिस कारण यहां पहुंचे हजारों किसान बारिश से बचने की जगह तलाश रहे हैं। राहुल गांधी को यहा 11:45 बजे पहुंचना है, लेकिन अब लग रहा है वो यहां समय से नहीं पहुंच पायेंगे।
बारिश के कारण वॉटरप्रूफ पंडाल भी फट गये हैं और पंडाल के अंदर बारिश का पानी आने लगा है। स्थानीय नेता महापंचायत स्थल से बाहर जा रहे किसानों को रोकने में जुटे हुए हैं।
रीता बहुगुणा का कहना है कि बारिश के कारण महापंचायत पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। महापंचायत तयशुदा कार्यक्रम पर शुरू होगी। पढ़ें- उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरें।












Click it and Unblock the Notifications