ससुराल नहीं जाने पर पिता ने बेटी की हत्या की

पुलिस के मुताबिक नरेश के भाई इंद्र की शादी नहीं हो रही थी। उधर हिसार के कोथ गांव के रहने वाले हरीराम के बेटे जयवीर की भी शादी नहीं हुई थी। उसकी उम्र 50 वर्ष हो चुकी थी। नरेश और हरीराम में तय हुआ कि नरेश अपनी बेटी मुकेश (17) की शादी जयवीर से कर दे। बदले में हरीराम अपनी भांजी की शादी नरेश के भाई इंद्र से कर देगा। दो महीने पहले ही दोनों रिश्ते हो गए।
उसके बाद नरेश अपने भाई के लिए दुल्हन ले आया, लेकिन उसकी बेटी ने उम्रदराज पति के साथ जाने से इनकार कर दिया। 2 जुलाई को उसे ससुराल भेजने के लिए गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन वह राजी नहीं हुई। इससे नरेश ने खुद को अपमानित महसूस किया और अपने भाई इंद्र व जीजा बसाऊ के साथ मिलकर मुकेश की गला घोंट कर हत्या कर दी। उन्होंने शव का दाह संस्कार करने का प्रयास किया तो कुछ रिश्तेदारों ने इसका विरोध किया और घटना की जानकारी पुलिस को दे दी तो एसपी सिमरदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
क्या है आट्टा साट्टा प्रथा
यह प्रथा प्रदेश की कुछ जातियों में प्रचलित है। इसके तहत शादी के लिए दोनों पक्ष एक तरह से कन्याओं की अदला बदली करते हैं। इसका त्रासद पहलू यह है कि इसमें भले ही एक पक्ष के दूल्हे और दुल्हन हम उम्र हों और दूसरे पक्ष के दूल्हे दुल्हन की उम्र में भारी अंतर हो लेकिन प्रथा के अनुसार शादी करनी ही पड़ेगी।









Click it and Unblock the Notifications