दिल्ली: पुलिस ने लड़की को छुड़ाया

वह युवक फंसाने के बाद इस अबोध लड़की को कहीं बेचने के चक्कर में लगा था। लड़की के आंखों में पछतावे के आंसू हैं। वह लड़के को खूब कोस रही है और बार-बार यही कह रही है कि मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई। दिल्ली पुलिस के एसीपी मुरादाबाद से दोनों को साथ ले आए।
यह प्रेम कहानी दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र में न्यू महावीर नगर में बमुश्किल दस दिन पहले शुरू हुई थी। डिडौली थाना क्षेत्र के गांव कटाई निवासी मुहम्मद याकूब पुत्र महबूब यहां अपने मामा सालिम निवासी जवाहर नगर के साथ राज मजदूरी करने पहुंचा था। जिस मकान में यह मामा भांजे मजदूरी कर रहे थे उसके ठीक सामने एक व्यापारी की कोठी है। जिसमें रहने वाली व्यापारी की छोटी बेटी से याकूब का अफेयर शुरू हो गया। रूस में रहने वाले इस व्यापारी की बेटी कक्षा नौ में पढ़ती है।
कुछ दिन बातें हुईं तो बुधवार को सुबह सात बजे दोनों वहां से भाग निकले। छात्रा ने अपने घर से पांच हजार रुपये और दो लाख रुपये के जेवर भी समेट लिए। अपने इस प्रेमी के साथ ट्रेन से केरल को रवाना हो गई। बीच में याकूब के मामा ने उसे कोर्ट मैरिज का भरोसा दिलाया तो यह जोड़ा आगरा होता हुआ गुरुवार को मुरादाबाद जा पहुंचा।
उधर व्यापारी ने बेटी के अपहरण का मुकदमा तिलकनगर थाने में दर्ज करा दिया। शुक्रवार को यह जोड़ा मुरादाबाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। यहां महिला थाने में छात्रा ने बताया कि उसे अपनी गलती पर पछतावा है और वह प्रेमी के हाथों बिकने से बाल बाल बची है। दिल्ली पुलिस के एसीपी इस छात्रा को लेने उसके परिजनों समेत मुरादाबाद पहुंचे। खैरियत रही कि लड़की की जिंदगी तबाह होने से बच गई। यह अन्य लड़कियों और मां-बाप के लिए भी सबक है।












Click it and Unblock the Notifications