जन लोकपाल विधेयक समिति के सदस्यों ने की संपत्ति की घोषणा

अविनाश दत्त, बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
अन्ना हज़ारे ने लोगों से वादा किया है कि समिति के सदस्य पूरी तरह से पारदर्शिता रखेंगे. लोकपाल बिल समिति के नागरिक समाज के सदस्यों ने वादे के मुताबिक़ अपनी संपत्तियों की घोषणा कर दी है. पाँच सदस्यों में से अन्ना हज़ारे की कुल संपत्ति एक लाख रूपये नहीं छू पाई है लेकिन उनकी ओर से नामांकित सदस्य शांति भूषण के पास 136 करोड़ रुपयों से ज़्यादा की संपत्ति है.
शुक्रवार शाम को दिल्ली से सटे नोएडा में लोकपाल बिल समिति के सदस्यों ने अपनी-अपनी संपत्ति की घोषणा की. जानकारी देने के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर ये जानकारी अगर ग़लत हो तो सरकार इसकी जांच करवाकर मुक़दमा चलाने के लिए स्वतंत्र है. सदस्यों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक़ पूर्व केन्द्रीय कानून मंत्री और वरिष्ठ वकील शांति भूषण के पास दिल्ली, नोएडा और इलाहाबाद में तीन मकानों के अलावा इलाहाबाद, बंगलौर, रुड़की और नोएडा में ज़मीनें भी हैं.
शांति भूषण के पास 102 करोड़ रुपए बॉन्ड, शेयर, सावधि जमा और भविष्य निधि में संचित हैं. इसके अलावा उनके 4.45 करोड़ रुपयों से ज़्यादा कुमुद भूषण शिक्षण सोसायटी में जमा हैं, जिसके शांति भूषण संस्थापक सदस्य हैं. पूर्व केन्द्रीय विधि मंत्री के पास 2.75 करोड़ रूपए का बैंक बैलेंस और नक़द है.
लोक पाल बिल समिति के एक अन्य सदस्य और शांति भूषण के बेटे प्रशांत भूषण के पास अपने पिता की तुलना में ज़्यादा संपत्ति नहीं है. प्रशांत ने अपने पास 1.45 करोड़ रुपयों के बॉन्ड, शेयर और भविष्य निधि में जमा होना बताया है. उनके पास बैंक और नक़द मिला कर महज़ 7.5 लाख रूपये ही हैं.
प्रशांत ने दिल्ली में एक मकान और फ़्लैट के अलावा हिमाचल प्रदेश और इलाहाबाद में पैतृक संपत्ति होना बताया है. समिति के अन्य सदस्य और कर्नाटक के लोकायुक्त जस्टिस संतोष हेगड़े के पास अलग-अलग बैंक खतों में तीस लाख के ऊपर मौजूद हैं साथ ही उनके पास बंगलौर में एक फ़्लैट है जिसकी कीमत 1.50 करोड़ रूपए है.
सूचना के अधिकार के कार्यकर्ता और समिति के चौथे सदस्य अरविंद केजरीवाल के पास दिल्ली में एक ज़मीन का टुकड़ा है जिसकी कीमत उनके अनुसार 55 लाख रुपए है. इसके आलावा इनके पास बैंक में करीब 28 हज़ार रुपए हैं और उनके पास 53 सौ रुपए नक़द हैं. समिति के सभी सदस्यों में सबसे कम संपत्ति है खुद अन्ना हज़ारे के पास. क़रीब 2.5 एकड़ ज़मीन है जिसमें से ज़्यादातर हज़ारे ने गाँव को दान कर दी हैं और एक बहुत छोटे से टुकड़े पर उनके रिश्तेदार खेती करते हैं. हज़ारे के बैंक खाते में 67 हज़ार रुपए से ज़रा ऊपर हैं और उनके पास 15 सौ रूपए नक़द हैं.












Click it and Unblock the Notifications