भाजपा का खुलासा- मायावती ने मारा घोटालों का शतक
सरकार ने अपने शासन काल में कितने घोटाले किए तथा इससे जनता का कितना रुपया भ्रष्टाचारियों की जेब में चला गया। बीते कुछ दिनों से यह प्रश्न जनता व सत्ता के गलियारों में गूंज रहा था। प्रश्नों के उत्तर देते हुए भाजपा ने सरकार के खिलाफ 100 घोटालों की सूची जारी कर दी।
पार्टी नेताओं ने कहा राज्य में अब तक दो लाख चौवन हजार करोड़ रुपये डकारे जा चुके हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य में माया टैक्स लगता है जिसके परिणाम जनता के सामने है। भाजपा ने पूछा कि क्या मुख्यमंत्री बताना चाहेंगी कि उनके शासन काल में शराब माफिया पोन्टी चढ्ढा तथा जेपी समूह को कितने ठेके दिए गए।
भाजपा के महासचिव नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही व विधान मण्डल दल के नेता ओम प्रकाश सिहं की उपस्थित में जारी सूची में कहा गया कि जो घोटाला प्रदेश में हुए उसकी रकम कांग्रेस के टूजी स्पेक्ट्रम, आदर्श सोसाइटीव राष्ट्र कुल खेलों में हुए घोटाले से कहीं अधिक है।
भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चे के संयोजक किरीट सोमैया ने मायावती सरकार के घोटालों की एफआईआर (प्रथम सूचना रिपोर्ट) जारी करते हुये कहा कि इस पर आरोप तैयार किया जा रहा है। आरोप पत्र आगामी 12 को राष्ट्रपति को सौंपा जायेगा।
श्री सोमैया ने कहा कि आरोप पत्र की प्रति महालेखाकार, मुख्य सतर्कता आयुक्त और अदालत को किसी भी वक्त उपलब्ध करायी जा सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य भर में माया टैक्स लग रहा है। माया टैक्स के दुष्परिणाम जनता के सामने हैं। 100 पृष्ठों वाली पुस्तक में घोटालों को व्यंग्यात्मक चित्रों के माध्यम से उकेरा गया है।
सूचना का अधिकार का प्रयोग कर जुटाये तथ्य
मायावती सरकार के 100 घोटाले शीर्षक से जारी पुस्तक में घोटालों की विस्तृत जानकारी दी गयी है। रिपोर्ट के बारे में श्री सोमैया का कहना है कि एक विशेष टीम ने पूरे राज्य का दौरा किया, सूचना अधिकार के तहत जानकारी जुटाई तब काले कारनामों का कच्चा चिठ्ठा सामने आया है।
उन्होंने बताया कि हर दस दिन पर एक-एक घोटाले का विस्तृत ब्यौरा पेश किया जायेगा। शुरुआत चीनी मिल घोटालों से की जायेगी। भाजपा सचिव का निशाना रहे शराब कारोबारी पोन्टी चड्ढा। उन्होंने कहा कि चढ्ढा ने पूरी सरकार को मैनेज कर रखा है। राज्य में ठेके विभिन्न कंपनियों को दिए गये लेकिन कंपनियों का मालिक एक ही है। उन्होंने कहा कि दलितों के बल पर बनी यह सरकार दलितों का भी हिस्सा खा गयी।
राज्य में सामान्य ही नहीं भ्रष्टाचारियों ने विधवा, विकलांग और वृद्धों को भी नहीं बक्शा है। विधवा, विकलांग व वृद्धों को दी जाने वाले पेंशन में भी भारी गड़बड़ी है। श्री सोमैया का कहना है राज्य में अभी तक 235 घोटालों की जानकारी मिली है परन्तु प्रथम चरण में सिर्फ सौ घोटालों को ही उजागर किया जा रहा है। उनका बताया कि सिर्फ नोएडा में ही 54 हजार 300 करोड़ रुपये का घोटाला किया गया।
श्री सोमैया ने कहा कि बरेली के नेकपुर की चीनी मिल को घाटे में बताकर कौडिय़ों के भाव बेंच दिया गया। भाजपा का कहना है कि चीनी मिल की कीमत करीब 195 करोड रुपये थी जबकि उसे मात्र 14.11 करोड़ रुपये में चेहतों को बेच दिया गया। मनरेगा में खूब गोरखधंधा हुआ सुलतानपुर जिले के कूरेभार विकास खण्ड के एक गांव में शकील और वकील नाम के दो व्यक्तियों के नाम क्रमश: सात और चार जाब कार्ड बने थे।
जब पार्टी ने दोनों व्यक्तियों के बारे में पता करना चाहा तो पता चला कि इस नाम के कोई व्यक्ति गांव में ही नहीं रहते। उन्होंने कहा कि मामले में कई वरिष्ठi मंत्रियों के नाम भी शामिल हैं। भाजपा नेता ने कहा कि जिन महापुरुषों के नाम पर बसपा सत्ता में आयी उनके नाम पर बने स्मारकों के लिए 400 रुपये प्रति घनफुट की कीमत वाले पत्थर को चार हजार में खरीदा गया हाथियों को बनवाने में 90 लाख से एक करोड़ रुपये तक खर्च किए गये।













Click it and Unblock the Notifications