लीबिया: जाविया में भीषण लड़ाई, त्रिपोली में प्रदर्शन

ऐसी भी ख़बरें आ रही हैं कि वहां इंटरनेट सेवा ठप्प हो गई है और लीबिया का बाहरी दुनिया से संपर्क टुट गया है. लीबिया के एक प्रमुख शहर ज़ाविया में भीषण लड़ाई की ख़बरें मिली हैं जहां कर्नल ग़द्दाफ़ी के समर्थक शहर को सरकार विरोधी बाग़ियों से छुड़ाने की कोशिश कर रहे हैं.
ख़बरों के मुताबिक़ ताज़ा झड़पों में कई लोग मारे गए हैं और कई घायल हैं. एक चश्मदीद ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि कम से कम 50 लोग मारे गए हैं. ज़ाविया शहर राजधानी त्रिपोली से सिर्फ़ 50 किलोमीटर दूर है.
ज़ाविया से मिल रही ख़बरों के अनुसार यहां सरकार विरोधी गुट के वरिष्ठ नेता मारे गए हैं. यहां रहने वाले एक नागरिक ने बीबीसी अरबी टीवी को बताया कि शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सुरक्षाकर्मियों ने फ़ायरिंग की जिसमें बहुत से लोग मारे गए. समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बात करते हुए एक चश्मदीद ने कहा कि वो अस्पताल से वापस आए हैं जहां बहुत से लोग मरे हुए हैं और बहुत से ज़ख़्मी हैं.
सैकड़ों किलोमीटर दूर देश के पूर्वी इलाक़े में रास लानुफ़ से भी भीषण लड़ाई की ख़बरें हैं और इस समय शहर पर किसका क़ब्ज़ा हैं इस बारे में अलग-अलग तरह की ख़बरें मिल रहीं हैं. विरोधियों का कहना है कि उन्होंने पूरे शहर पर क़ब्ज़ा कर लिया है लेकिन सरकार के एक मंत्री ने इसका खंडन किया है.
ताजुरा से बीबीसी संवाददाता ने बताया कि वहां प्रदर्शनकारियों ने लीबिया के झंडे को जलाया और ग़द्दाफ़ी की हुकुमत के विरोध में नारे लगा रहे थे. विरोधियों के क़ब्ज़ा वाले पूर्वी शहर बेन्ग़ाज़ी से भी बहुत सारे लोगों के मारे जाने की ख़बरें हैं. वहां हथियारों के एक डिपु में बड़े विस्फोट की भी सूचना मिली है. इससे पहले राजधानी त्रिपोली में शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद सैंकड़ो प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों पर आंसु गैस के गोले छोड़ें.
त्रिपोली में प्रदर्शनकारियों पर बमबारी करने की भी ख़बरें आई हैं लेकिन कर्नल ग़द्दाफ़ी के बेटे सैफ़ुल इस्लाम ने इस बात से इनकार किया है कि वायु सेना ने त्रिपोली में प्रदर्शनकारियों पर बमबारी की है.












Click it and Unblock the Notifications