गोवा नहीं बिहार घूमना चाहते हैं सैलानी
राज्य के पर्यटन मंत्री सुनील कुमार पिंटू का कहना है कि राज्य में विदेशी पर्यटकों की संख्या महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल गोवा से भी अधिक हो गई है। सुनील कहते हैं कि राज्य में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि बिहार में बदलाव का सूचक है। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2010 में करीब 4.93 लाख विदेशी पर्यटक बिहार आए जबकि इसी दौरान 1.57 करोड़ से अधिक देशी पर्यटकों ने राज्य के धार्मिक, ऐतिहासिक और अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया।
आंकड़ों की तरफ नजर डालें तो वर्ष 2009 में राज्य में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 4,23,042 थी वहीं 2008 में मात्र 3,45,572 विदेशी पर्यटक ही आए थे। इसी प्रकार वर्ष 2007 में राज्य में आने वाले करीब एक करोड़ पर्यटकों की संख्या में विदेशी पर्यटकों की संख्या 1.77 लाख थी। राज्य के गया जिले में सबसे ज्यादा पर्यटक पहुंचे। पिछले वर्ष गया में कुल 2.25 लाख पर्यटक पहुंचे थे।
गौरतलब है कि गया जिले के बोधगया में गौतम बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। यहां का विश्वविख्यात महाबोधि बौद्ध मंदिर धर्मावलम्बियों के लिए प्रसिद्ध तीर्थस्थल के रूप में जाना जाता है।













Click it and Unblock the Notifications