कश्मीर में सैन्य भर्ती के लिए जुटे हजारों युवा (लीड-1)
सेना से जुड़ने की उम्मीद में बारिश और ओलों की परवाह न करते हुए युवा अपने दस्तावेजों के साथ अल सुबह ही उत्तरी कश्मीर के मानसबल सैनिक स्कूल पहुंच गए।
एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि शनिवार को श्रीनगर और अनंतनाग जिलों से सैनिकों की भर्ती की जा रही है। जल्द ही घाटी के अन्य जिलों के युवाओं के लिए भी भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।
मानसबल पहुंचे अनंतनाग जिले के एक युवक सज्जाद (20) ने बताया कि वह सुबह 5 बजे ही रैली स्थल के द्वार के बाहर इंतजार कर रहा है। वहीं, एक अन्य युवक इशफाक ने कहा कि सेना में नौकरी पाना उसका सपना है। इलाके में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी है और सेना उसे एक बेहतर जिंदगी जीने का मौका दे सकती है।
भर्ती स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि बेहतर कॅरियर की तलाश में स्थानीय युवकों का सेना और दूसरे रक्षा बलों की ओर रुख करना स्वागत योग्य कदम है। जितनी बड़ी संख्या में स्थानीय युवक सेना में शामिल होंगे, उतनी ही तेजी से सेना और स्थानीय युवाओं के बीच फासला मिटता जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications