राष्ट्रमंडल खेल विवाद : कलमाडी के सहयोगी, व्यवसायी न्यायिक हिरासत में भेजे गए
इन दोनों पर अक्टूबर-2010 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन से जुड़े कार्यो में अनियमितता बरतने का आरोप है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत के न्यायाधीश ओ.पी. सैनी ने देवरुकर और नानू को न्यायिक हिरासत में भेजने का फैसला किया क्योंकि सीबीआई ने इन्हें अपनी हिरासत में रखने के सम्बंध में कोई आवेदन नहीं किया था।
देवरुखकर को 11 फरवरी को पुणे से गिरफ्तार किया गया था। उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया गया था। 12 फरवरी को दिल्ली उच्च न्यायालय ने उसे पांच दिनों के लिए सीबीआई हिरासत में भेजा था। 17 फरवरी को सीबीआई ने पेशी के दौरान देवरुकर का हिरासत दो दिनों तक बढ़ाने का आवेदन किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया था।
गौरतलब है कि पिछले साल तीन से 14 अक्टूबर के दौरान दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में भारी पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगते रहे हैं।
सरकार ने 24 जनवरी को कलमाडी और राष्ट्रमंडल खेल समिति के महासचिव ललित भनोट को बर्खास्त कर दिया था।
सीबीआई ने इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति से जुड़े तीन अधिकारियों टी. एस. दरबारी, संजय महेंद्रु और एम. जयचंद्रन को गिरफ्तार किया था। इस सम्बंध में सीबीआई द्वारा चार्जशीट दाखिल नहीं करने के कारण बाद में तीनों अधिकारियों को जमानत मिल गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications