कश्मीर शांति प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर सहमत हुए उमर, चिदम्बरम
जम्मू। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम और जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बीच शुक्रवार को हुई बैठक में राज्य में स्थायी शांति की योजना तैयार करने पर सहमति बनी। इसके बाद चिदम्बरम ने किश्तवाड़ में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।चिदम्बरम गुरुवार से राज्य के दो दिवसीय दौरे पर हैं। दोनों नेताओं ने सुबह के नाश्ते पर घंटे भर तक बातचीत की।
सूत्रों ने बताया कि चिदम्बरम और अब्दुल्ला दोनों ने चर्चा के दौरान कश्मीर मसले को एक नए परिपेक्ष्य में सुलझाने की वकालत की और केंद्र सरकार के तीनों वार्ताकारों के प्रयासों को समर्थन देने की भी बात कही।गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में पिछले साल गर्मियों में हिंसक घटनाओं में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। दोनों नेता राज्य के तीन क्षेत्रों को स्वीकार्य समाधान प्रक्रिया के पक्ष में हैं।
अब्दुल्ला जनता के बीच विश्वास की भावना पैदा करने के लिए लोगों से खासकर अलगाववादियों से बातचीत के और माध्यमों को खोलने के पक्ष में हैं।चिदम्बरम के साथ मुख्यमंत्री ने भी किश्तवाड़ में सुरक्षा हालात की समीक्षा को लेकर एक बैठक की और शांति कायम करने के लिए इस क्षेत्र के लोगों के विचार से अवगत हुए।
बैठक में जम्मू क्षेत्र के आतंकवाद प्रभावित किश्तवाड़,डोडा और रामबन जिले के पुलिस उपायुक्त, अधीक्षक भी शामिल हुए।












Click it and Unblock the Notifications