बराक ओबामा आज पहुँचेंगे दिल्ली

दिल्ली रवाना होने से पहले ओबामा रविवार को भी मुंबई के कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. मंगलवार को भारत से विदा होने से पहले वे हुँमायूँ का मक़बरा देखने जाएँगे, राजघाट में महात्मा गांधी की समाधि पर जाएँगे, संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलेंगे.
दिल्ली में उनकी सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं. राष्ट्रपति ओबामा का भारत दौरा दस दिनों की एशियाई देशों की यात्रा का पहला पड़ाव है. बिल क्लिंटन और जॉर्ज बुश भी मौर्या शेरटन होटल में ठहरे थे. रविवार को मुंबई में ओबामा होलीनेम स्कूल जाएँगे, सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज में एक प्रदर्शनी देखने जाएँगे और फिर बाद में इसी कॉलेज के छात्रों से रुबरू होंगे.
वे दोपहर को दिल्ली पहुँचेंगे.
भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने अमरीकी अधिकारियों के साथ मिलकर दिल्ली में राष्ट्रपति ओबामा की सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए हैं. अधिकारियों का कहना है कि सैकड़ों 'स्नाइपर्स'यानी सटीक निशाना लगाने वाले बंदूकधारी उनकी सुरक्षा पर नज़र रखेंगे. बराक ओबामा अपनी पत्नी मिशेल ओबामा के साथ दिल्ली के मौर्या शेरटन होटल में ठहरेंगे. सुरक्षा एजेंसियों ने अमरीकी सुरक्षा दस्ते के साथ इस होटल को सुरक्षा घेरे में ले लिया है.
होटल के आसपास ही क़रीब दो हज़ार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं. ये सुरक्षाकर्मी दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बलों और एनएसजी के कमांडो हैं. राष्ट्रपति ओबामा के अलावा मिशेल ओबामा के लिए भी व्यापक सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं क्योंकि वे राष्ट्रपति से अलग कुछ कार्यक्रमों में शिरकत करेंगीं. अपनी यात्रा के पहले दिन बराक ओबामा ने व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के बीच दिए संबोधन में भारतीय और अमरीकी कंपनियों के बीच 10 अरब डालर मूल्य के बीस समझौतों की घोषणा की.
ओबामा ने प्रतिबंधित तकनीकों के निर्यात पर से भी पाबंदी हटाने की बात अपने भाषण के दौरान कही है. इसके तहत इसरो और डीआरडीओ को परमाणु इंधन के दोहरे उपयोग की तकनीक हासिल करने की सुविधा मिल सकेगी. पहले इस पर प्रतिबंध लगा हुआ था. कहा गया है कि इन समझौतों से अमरीका में 50 हज़ार से अधिक रोज़गार अवसरों का निर्माण होगा.
अपने भाषण के दौरान ओबामा ने कहा कि मुंबई से यात्रा शुरू करने के उनके फ़ैसले को लेकर कहा जा रहा था कि वे इसके ज़रिये दुनियाँ को एक संदेश देना चाहते हैं, फिर थोड़ा रूककर उन्होंने कहा, "ये बिल्कुल सही है." उनसे अपेक्षा की जा रही थी कि वह पाकिस्तान के ख़िलाफ़ एक कड़ा बयान देंगे लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ एक शब्द भी नहीं कहा जिससे कुछ लोगों को निराशा हुई है.












Click it and Unblock the Notifications