मुंबई में बच्चों संग खूब नाचे बराक-मिशेल ओबामा
तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार को ओबामा दंपत्ति मुम्बई के होलीनेम स्कूल पहुंचे जहां बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किया। कोली नृत्य पर नाच रहे नन्हे-मुन्नों को देख पहले मिशेल थिरकीं। इसके बाद ओबामा भी खुद को झूमने से नहीं रोक सके। ओबामा ने भी बच्चों और मिशेल का पारंपरिक नृत्य में भरपूर साथ दिया।
नृत्य के बाद ओबामा ने कुछ देर तक बच्चों से बात की और उन्हें ऑटोग्राफ भी दिए। बच्चे ओबामा और मिशेल के थिरकने से खूब उत्साहित थे। मिशेल बच्चों के साथ बेहद खुश नजर आ रही थीं। वह शनिवार को भी 'रंग दे बसंती' की धुन पर जमकर थिरकी थीं।
ओबामा और मिशेल आज मुम्बई से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे दिन में 3.30 बजे दिल्ली पहुंच जाएंगे।
हवाई अड्डे पर उनकी अगवानी के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर मौजूद होंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति का दिल्ली में बहुत व्यस्त कार्यक्रम है। दिल्ली पहुंचने के कुछ देर बाद ही वह ऐतिहासिक हूमायूं का मकबरा देखने जाएंगे। शाम को वह अमेरिकी दूतावास द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके बाद वह प्रधानमंत्री के आवास पर एक निजी रात्रिभोज में शामिल होंगे।
सोमवार को वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद ओबामा प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे। फिर दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपने सम्मान में आयोजित भोज से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति भारतीय संसद को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के लिए रवाना होंगे।













Click it and Unblock the Notifications