कश्मीर में 'पथराव से दो की मौत'

अल्ताफ़ हुसैन, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
बराक ओबामा का ध्यान आकृष्ट करने के लिए बंद का आह्वान किया गया है. भारत प्रशासित कश्मीर में पुलिस का कहना है कि शनिवार को पथराव की वजह से दो लोगों की मौत हो गई और पाँच अन्य घायल हो गए. पुलिस का कहना है कि पथराव करने वाले लोग अलगाववादी नेताओं के आह्वान पर बंद करवाने की कोशिश कर रहे थे.
पहली घटना श्रीनगर के दक्षिण में सोपियाँ में हुई. पुलिस के अनुसार पथराव करने वाले लोगों ने एक वाहन पर पत्थर फेंके जिससे ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी पलट गई. इससे दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. एक अन्य घटना चरारे शरीफ़ रोड पर करालपोरा में हुई जहाँ पथराव करने वालों ने एक कार पर पत्थर फेंके और पत्थर एक 12 साल के बच्चे के सर पर लगा.
वहीं सोपोर में पथराव के दौरान पत्थर एक सीधे व्यक्ति की आँख में जाकर लगा. वे सुरक्षाबलों पर पथराव कर रहे थे. उल्लेखनीय है कि ऑल पार्टी हुर्रियत कॉन्फ़्रेंस के नेता सैयद अली शाह गिलानी ने अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के विरोध में तीन दिन के बंद और नागरिक कर्फ़्यू का ऐलान किया है. शनिवार को बंद का पहला दिन था. अलगाववादी नेता का कहना है कि बंद का उद्देश्य अमरीकी राष्ट्रपति का ध्यान कश्मीर की समस्या की ओर खींचना है.












Click it and Unblock the Notifications