बिहार चुनाव : आज थमेगा पांचवे चरण का चुनाव प्रचार

मणिकांत ठाकुर, बीबीसी संवाददाता, पटना
बिहार विधान सभा के चुनाव इस बार छह चरणों में करवाये गए हैं. मंगलवार को मतदान के लिए जानेवाली 35 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार रविवार शाम 5 बजे ख़त्म हो जाएगा. राज्य की कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए 6 चरणों में चुनाव कराये जा रहे हैं.
मतदान का ये पांचवा चरण है जिसमें पटना ज़िले की चार, भोजपुर की सात, जहाँनाबाद ज़िले की तीन, अरवल और शेख़पुरा की दो-दो, गया और नवादा में पाँच-पाँच और नालंदा की सात सीटों के लिए वोट डाले जाएगें. मध्य बिहार के इन क्षेत्रों में मुक़ाबला मुख्य रूप से जनता दल युनाइटेड-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन और राष्ट्रीय जनता दल-लोक जनशक्ति पार्टी गठबंधन के बीच है. कहीं-कहीं कांग्रेस इस मुक़ाबले को तिकोना बना रही है.
चुनाव प्रचार
इनमे से कुछ क्षेत्रों के प्रचार अभियान में भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी और कांग्रेस महासचिव राहुल गाँधी ने भी हिस्सा लिया है. हालांकि नेतागनों ने प्रचार के बीच लगभग उन्हीं बातों को दुहराया जो वह पिछले चरण की सीटों पर कहते रहे थे.
मुख्य मंत्री नीतीश कुमार की कोशिश रही लोगों को उनके कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को याद दिलाने की तो कांग्रेस उनपर केन्द्र सरकार से मिले पैसों को पूरी तरह इस्तेमाल न कर पाने की अपनी बात दुहराती रही. लालु-पासवान वोटरों को कह रहे हैं कि यह चुनाव नीतीश सरकार का अंत है.
मध्य और दक्षिण बिहार के ये क्षेत्र चूँकि नक्सली हिंसा से प्रभावित हैं इसीलिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं और अधिकांशतर बूथों पर केन्द्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है. चुनाव आयोग ने कुछ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान को तयशुदा समय से पहले ख़त्म करवाने का फ़ैसला किया है.
गया के अतरी में अब पांच बजे के बदले तीन बजे तक ही मतदान होगा जबकि बेलागंज, वजीरगंज और हिलसा में पांच बजे के बदले चार बजे तक ही वोट डाले जा सकेंगें. बिहार के आख़िरी छठे चरण का मतदान आगामी 20 नवम्बर को होगा. इस दौर में 26 सीटों के लिए मतदान किए जाएंगें. वोटों की गिनती के लिए 24 नवम्बर का समय तय किया गया है.












Click it and Unblock the Notifications