ओबामा यात्रा : आतंकवाद का मुद्दा उठाएगी भाजपा
नई दिल्ली। पाकिस्तान की जमीन से भारत के खिलाफ चलने वाली आतंकवादी गतिविधियों के मसले को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के साथ मुलाकात के दौरान उठाएगी।
भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के निवास पर रविवार को हुई बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में इस बात पर चर्चा की गई कि सोमवार को ओबामा से मुलाकात के दौरान प्रतिपक्ष की नेता सुषमा स्वराज कौन से मुद्दे उठाएंगी।
आडवाणी के निवास पर आयोजित बैठक में लोकसभा में प्रतिपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के अलावा राज्यसभा में प्रतिपक्ष के नेता अरुण जेटली, पार्टी उपाध्यक्ष वैंकया नायडू, राज्यसभा में पार्टी के उपनेता एस.एस.अहलूवालिया और महासचिव आनंद कुमार ने हिस्सा लिया।
पार्टी के नेताओं ने बैठक के बाद मीडिया से बात नहीं की। पार्टी के प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने ओबामा के बयान पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि ओबामा ने अपने बयान में भारत में चलने वाली आतंकवादी गतिविधियों को लेकर पाकिस्तान का नाम नहीं लिया।
संसद के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करने से पहले सुषमा स्वराज की सोमवार को ओबामा से मुलाकात होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications