सऊदी राजकुमार पर नौकर की हत्या का आरोप

बंदर अब्दुलअज़ीज़ को लंदन के लैंडमार्क होटल में इस वर्ष 15 फ़रबरी के दिन मृत पाया गया था. अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि मरने से पहले बंदर अब्दुलअज़ीज़ को राजकुमार अल सउद ने कई बार पीटा था. अल सउद ने बंदर अब्दुलअज़ीज़ को मारने की बात स्वीकार कर ली है लेकिन वे इसे हत्या मानने के लिए तैयार नहीं हैं.
अब ज्यूरी को निर्णय करना है कि अल सउद को हत्या का दोषी माना जाए या नहीं. अदालत को बताया गया कि मौत से पहले नौकर पर राजकुमार ने कई हमले किए थे. जब होटल में मृत शरीर पाया गया था तो राजकुमार ने कहा था कि उनके सहयोगी पर मृत्यू से तीन सप्ताह पहले हमला करके लूटा गया था.
लेकिन ज्यूरी को ये बताया गया कि अल सउद ने ही हत्या की है और अब्दुलअज़ीज़ के चेहरे पर दिखने वाले घाव मृतक पर किए गए हमले की तीव्रता को दर्शाते हैं. राजकुमार ने दावा किया है कि वे अब्दुलअज़ीज़ के साथ 'दोस्ताना और बराबरी" का बर्ताव करते थे और वे समलैंगिक नहीं हैं.
अभियोजक जोनाथन लेडलॉ ने कहा, “साक्ष्य निर्णायक रूप से साबित करते हैं कि या तो अल सउद समलैंगिक हैं या उनका समलैंगिकता की ओर झुकाव है. ये साफ़ है कि अब्दुलअज़ीज़ की प्रताड़ना सिर्फ़ शारिरिक पिटाई तक ही सीमित नहीं थी." इस मुकद्दमें की सुनवाई फिलहाल जारी है.












Click it and Unblock the Notifications