अयोध्या फैसले के मद्देनजर ईद पर खास नमाज
लखनऊ, 9 सितंबर (आईएएनएस)। अयोध्या विवाद पर 24 सितंबर को आने वाले अदालत के फैसले के पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुस्लिम समुदाय के लोग ईद के मौके पर विशेष नमाज (प्रार्थना) अता कर सांप्रदायिक सौहार्द और हिंदू-मुस्लिम के बीच अमन-चैन की दुआ मांगेंगे।
सुन्नी धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद फिरंग महली ने गुरुवार को आईएएनएस से कहा, "हिंदू और मुसलमानों के संबंधों को मजबूत बनाने के लिए लाखों की संख्या में मुसलमान ईद के दिन विशेष नमाज अता फरमाएंगे।"
फिरंग महली ने कहा, "फैसला चाहे कुछ भी आए, हिंदू-मुस्लिम संबंध मजबूत होने चाहिए। हमें पूरा भरोसा है कि हिंदुस्तान की गंगा-जमुनी तहजीब पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।"
उन्होंने बताया कि खास नमाज ऐशबाग ईदगाह मैदान पर अता की जाएगी। ईदगाह के इस विशाल मैदान में बड़ी संख्या में लोग एक साथ नमाज अता कर सकते हैं।
मौलाना ने कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि ईद का चांद 10 अक्टूबर को दिखाई देगा और ईद 11 अक्टूबर को मनाई जाएगी।
उधर, पंडितों ने मौलवियों द्वारा ईद के मौके पर विशेष नमाज अता करने के आह्वान की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि यह कदम निश्चित रूप से हिंदू-मुस्लिम संबंधों को बढ़ावा देगा। खासकर ऐसे समय में, जब दोनों समुदाय के लोग फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इलाहाबाद के संगम स्थित हनुमान मंदिर के एक पुजारी पंडित भगवती प्रसाद ने कहा, "इस विशेष प्रार्थना का मकसद नेक है। मुझे पूरा यकीन है कि इस तरह की पहल से हिंदू-मुस्लिम और करीब आएंगे।"
गौरतलब है कि रामजन्म भूमि-बाबरी मस्जिद के वर्षो पुराने कानूनी विवाद पर आने वाले फैसले से उपद्रव की आशंका के मद्देनजर राज्य सरकार सुरक्षा के व्यापक प्रबंध कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications