रैगिंग के बाद इंजीनियरिंग का छात्र अस्पताल में भर्ती
छात्र के पिता ने पुलिस के पास रैगिंक की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि कॉलेज के तीन छात्रों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। गुजरात में वडोदरा के रहने वाले राहुल ने छह दिन पहले ही यहां के आर. एन. मोदी इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश लिया था। शिकायत बुधवार को दर्ज कराई गई थी।
राहुल के पिता राजकुमार शर्मा ने बताया, "कॉलेज में प्रवेश दिलाने के बाद हमने शहर के जवाहर नगर में स्थित मोदी छात्रावास में एक कमरा दिला दिया था। छात्रावास में सीनियर छात्रों ने राहुल को कम से कम दो रात तक सोने नहीं दिया और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।"
शर्मा ने कहा कि उन्हें इस बारे में जैसे ही पता चला, वह कोटा आए और कॉलेज प्रशासन से इसकी शिकायत की।
उन्होंने बताया, "शिकायत का सही तरीके से जवाब न मिलने के कारण हमने राहुल को छात्रवास से निकालने का अनुरोध किया।"
शर्मा ने बताया कि बुधवार को राहुल अचानक चिल्लाने लगा और बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद उसे एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया, "राहुल किसी से भी बात करने की स्थिति में नहीं है।"
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हमारे पास रैगिंग को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है और आरोपी छात्रों की तलाश शुरू हो गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications