कुरान जलाने पर अबू गरेब जेल मामले से ज्यादा नुकसान होगा : पेट्रॉस
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक पेट्रॉस ने स्थानीय समाचार चैनल 'एनबीसी' के जरिए कहा कि इस्लामिक चरमपंथी जलते हुए कुरान के चित्रों का इस्तेमाल लोगों को भड़काने के लिए कर सकते हैं। इससे अफगानिस्तान और दुनिया के अन्य हिस्सों में अमेरिकी सेनाओं को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
पेट्रॉस ने कहा, "हमें चिंता है कि जलते हुए कुरान के चित्रों का चरमपंथी उसी तरह इस्तेमाल कर सकते हैं जिस तरह से अबू गरेब जेल के चित्रों का इस्तेमाल किया गया था। और यह छवि अमिट हो सकती है।"
उन्होंन कहा, "उन चित्रों का इस्तेमाल ऐसे लोग करेंगे जो हमें हराना चाहते हैं। इससे अमेरिका और अफगानिस्तान में हमारे मिशन के खिलाफ लोगों को भड़काया जा सकता है और हिंसा फैलाई जा सकती है।"
वर्ष 2004 में बगदाद के बाहरी इलाके में स्थित अबू गरेब जेल के चित्रों का खुलासा हुआ था जिनमें अमेरिकी सैनिकों को कैदियों पर भीषण अत्याचार करते हुए दिखाया गया था। इन चित्रों का खुलासा होने पर दुनियाभर में अमेरिका की तीखी आलोचना हुई थी और अमेरिका की विश्वसनीयता को गहरा आघात लगा था।
फ्लोरिडा में गेन्सविला के डोव वर्ल्ड आउटरेज सेंटर के करीब 50 लोगों के समूह के पादरी टेरी जोंस ने कुरान जलाने की अपनी योजना को रद्द करने से इंकार कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications