गडकरी की मौजूदगी में होगी प्रदेश भाजपा की पहली बैठक
पार्टी की प्रदेश इकाई इस अवसर पर एक बड़ी रैली के आयोजन पर विचार कर रहा है। शहरी निकाय के चुनावों के बाद कोर कमेटी की बुधवार को हुई पहली बैठक में 17 जिला संगठनों की बाकी चुनावी प्रक्रिया को पूरा करने और प्रकोष्ठों का गठन करने का फैसला भी किया गया।
प्रदेश भाजपा के प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी की मौजूदगी में कोर कमेटी की बैठक प्रदेश मुख्यालय पर हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी के अलावा सह प्रभारी किरीट सोमैया, प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधराराजे, विपक्ष के उप नेता घनश्याम तिवाड़ी, सांसद ओमप्रकाश माथुर, पूर्व गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, सचेतक राजेन्द्र राठौड़ ने हिस्सा लिया।
प्रदेश अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश कार्य समिति की पहली बैठक जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी की अध्यक्षता में होगी। इसके लिए गडकरी से समय मांगा गया है।
दूसरी ओर जानकारों के अनुसार यह बैठक संभवत अक्टूबर के मध्य तक बुलाई जाएगी। राज्य भाजपा में जारी गुटबाजी के बीच प्रदेश नेतृत्व गडकरी की इस यात्रा को यादगार बनाने के लिए बड़ी रैली करने पर विचार कर रहा है। इसके लिए जिला इकाइयों के साथ जल्द ही संपर्क शुरू किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications