अनुपम खेर भी शामिल होंगे थरूर की दुबई मैरिज पार्टी में
नई दिल्ली। हाल ही में देश के पूर्व विदेश मंत्री और विवादास्पद नेता शशि थरूर ने अपनी महिला मित्र सुनंदा पुष्कर से विवाह रचाया है। दोनों की शादी थरूर के पैतृक निवास पर केरल के पलक्कड़ जिले में हुई। नवदंपति ने शादी की रस्में खत्म होते ही केरल से सीधे दुबई के लिए उड़ान भर ली थी। थरूर की नवविवाहिता पत्नी सुनंदा पुष्कर इस समय दुबई में ही रहती हैं।
फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने ट्विदर पर एक कमेंट किया जिससे पता चला कि वह थरूर-पुष्कर के प्रीतिभोज में शामिल होने के लिए दुबई जा रहे हैं। खेर ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर लिखा है, "एक प्रेरक व्याख्यान और श्री थरूर व सुनंदा पुष्कर की शादी के प्रीतिभोज के लिए दुबई जा रहा हूं। मुझे इस अवसर और कश्मीरी व्यंजनों का इंतजार है।"
शशि थरूर ने अपने मेहमानों के लिए तीन दिवसीय प्रीतिभोज का आयोजन किया है। यह प्रीतिभोज 29-31 अगस्त तक चलेगा। थरूर और पुष्कर 24 अगस्त को ही दुबई चले गए थे। दोनों की यह तीसरी शादी है। पुष्कर मूल रूप से कश्मीरी हैं। सूत्रों के अनुसार दुबई में होने वाला यह प्रीतिभोज विशुद्ध कश्मीरी शैली में आयोजित होगा। वहां से नवविवाहित जोड़ा दोनों कुछ दिनों के लिए स्पेन जाएंगा और उसके बाद दोनों दिल्ली लौट आएंगे। दिल्ली में 3 सितंबर को वे अपने मित्रों और परिचितों को भी रात्रि भोज देंगे।












Click it and Unblock the Notifications