लापरवाही बरतने कारण जेट एयरवेज का चालक दल निलंबित
मुंबई। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के महानिदेशक ने कड़े कदम उठाते हुए जेट एयरवेज विमान की फ्लाइट 9w-2302 के उस चालक दल के दस सदस्यों को निलम्बित कर दिया, जिसमें शुक्रवार रात विमान के इंजन में आग लगने की गलत जानकारी देते हुए 'फायर अलार्म' बजा दिया था।
छत्रपति शिवाजी अंतराष्ट्रीय हवाईअड्डे से चेन्नई की उड़ान भरने के ठीक पहले जेट एयरवेज के इस विमान में आग लगने का अलार्म बजने पर विमान के भीतर भगदड़ जैसा माहौल हो गया और 26 यात्री घायल हो गए।
महानिदेशक ने इसे एक गंभीर हादसा करार देते हुए इस मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में कहा गया है कि चालक दल ने विमान दुर्घटना के दौरान अपनायी जाने वाली सावधानियों और नियमों का पालन नहीं किया। निलम्बित विमान कर्मियों में विमान के कमांडर पायलट भी शामिल हैं।
खबरों के अनुसार विमान में सवार दो यात्रियों ने इंजन में से धुंआ निकलता देखने की बात कह कर चालक दल को सूचना दी, जिसके बाद पायलट ने आग लगने का अलार्म बजा दिया। इसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चालक दल द्वारा आगे-पीछे के दरवाजों के अलावा आपातकालीन द्वार से यात्रियों को बाहर निकालने के दौरान कई यात्री घायल हो गए।
इस बीच जेट एयरवेज ने एक बयान में उड्डयन मंत्रालय की विस्तृत जांच में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा देने के साथ ही दावा किया कि इस हादसे में विमान में सवार यात्रियों को बाहर निकालने की जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया गया और घायल यात्रियों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।












Click it and Unblock the Notifications