टला नहीं है, दिल्ली में बाढ़ का खतरा
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली से होकर गुजरने वाली यमुना नदी का जलस्तर नियंत्रित जरूर है, लेकिन यहां के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है। अभी तक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
दिल्ली बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुताबिक, "यमुना का जलस्तर गुरुवार को 205.77 मीटर तक खिसक गया।" यमुना नदी का जलस्तर शुक्रवार देर रात को खतरे के निशान 204.8 को पार कर गया था। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से गुरुवार सुबह लगभग 71,675 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, लेकिन यमुना बैराज और ओखला बैराज में एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
अधिकारी ने बताया, "निचले इलाकों में रह रहे लगभग 1,500 लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। सरकार की तरफ से ये राहत शिविर उस्मानपुर, गढ़ीमांडू, बदरपुर खादर, आईएसबीटी सेतु, शकरपुर, अक्षरधाम मंदिर, पुराना यमुना सेतु, गीता कॉलोनी और ओखला में स्थापित किए गए हैं।" बाढ़ की स्थिति की निगरानी के लिए एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जो 24 घंटे काम करेगा।
उधर मौसम लगातार करवटें बदल रहा है। घने बादल शहर पर छाए हुए हैं। अगले चौबीस घंटों में भारी बारिश की आशंका जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications