यूपी में मां-बाप ने अमीर होने के खतिर बेटी की बलि चढ़ाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक दंपति ने धनवान बनने के लालच में एक तांत्रिक के बहकावे में आकर कथित रूप से अपनी चार साल की बच्ची की बलि चढ़ा दी। यह घटना कुसेपा गांव की है। बच्ची का शव मंगलवार शाम घर से बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक शव हवनकुंड में पड़ा हुआ था। घटनास्थल से फूल, अगरबत्ती और पूजा का अन्य सामान बरामद किया गया है।
मजदूरी करने वाले श्रीकृष्ण यादव और उसकी पत्नी रामा देवी पर आरोप है कि उन्होंने अपने घर में अपनी बेटी कन्नी की बलि दे दी। सीतापुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अंधविश्वास के कारण माता-पिता द्वारा बच्ची की हत्या करने की बात सामने आई है। घटना के बाद से आरोपी दंपति फरार है। फरार दंपति की तलाश जारी है।
ग्राम प्रधान ने बताया कि गांववालों ने शिव कुमार नाम के एक तांत्रिक को मंगलवार को दंपति के घर जाते हुए देखा गया था। बाद में उन्होंने तांत्रिक को संदिग्ध तरीके से दंपति के साथ घर से बाहर निकलते हुए देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि हमारे पहुंचने से पहले दंपति और तांत्रिक फरार हो चुके थे। इस तांत्रिक ने पहले भी गांव के कुछ गरीब परिवारों को रातों रात धनवान बनने के लिए बच्चे की बलि देने के लिए उकसाया था।












Click it and Unblock the Notifications