मणिपुर में ग्रेनेड हमला, 6 जख्मी
इंफाल, 6 अगस्त (आईएएनएस)। तनावग्रस्त पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में शुक्रवार को ग्रेनेड से किए गए हमले में कम से कम छह लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इंफाल के सांगीप्रो इलाके स्थित एक इस्पात निर्माण इकाई में सुबह 7.30 बजे मोटरसाइकिल सवार कुछ विद्रोही घुस आए। वे हाथ में ग्रेनेड लिए हुए थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "सभी घायल लोग इस्पात इकाई के कर्मचारी हैं।"
घायलों को इंफाल स्थित क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाया गया। उनमें से दो की हालत गंभीर है।
अधिकारी ने कहा, "हम हमले में शामिल विद्रोही संगठन का पता लगा रहे हैं। इस घटना को हम स्वतंत्रता दिवस से पहले माहौल बिगाड़ने के लिए किए गए हमले के रूप में देख रहे हैं।"
उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय स्वायत्तता की मांग को लेकर मणिपुर में 19 से अधिक विद्रोही संगठन सक्रिय हैं। पूर्वोत्तर में सक्रिय ये संगठन खासतौर से राष्ट्रीय पर्वो स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के आसपास हिंसक हमले करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications