उड़ीसा में बाढ़ से 1 की मौत, हजारों बेघर
भुवनेश्वर, 6 अगस्त (आईएएनएस)। उड़ीसा के तीन जिलों में मूसलाधार बारिश के बाद आई बाढ़ में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और घरों के डूब जाने के कारण 10,000 से अधिक लोग बेघर हो गए।
राज्य के राहत नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि बुधवार से ही राज्य के कई भागों में भारी बारिश हो रही है। तीन जिले- कालाहांडी, गजपति और नबरंगपुर बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। नदियों में उफान आ गया है और बाढ़ का पानी निचले इलाकों में भर गया है।
उन्होंने बताया कि कालाहांडी के घाटागुडा गांव में 60 वर्षीय एक व्यक्ति बाढ़ में डूब गया। उसी गांव का एक अन्य व्यक्ति लापता है।
अधिकारी ने बताया कि कालाहांडी में हाटी, नबरंगपुर में भास्कर और गजपति जिले में बंसाधारा नदी उफन गई है और नदी तट वाले गांवों में पानी घुस गया है।
उन्होंने बताया कि कालाहांडी के विभिन्न स्थानों पर प्रशासन द्वारा लगाए गए राहत शिविरों में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 11,000 लोग शरण लिए हुए हैं।
अधिकारी के अनुसार सभी इलाकों में हालांकि बाढ़ का पानी धीरे-धीरे घटने लगा है और नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे जा रहा है। कुछ लोग अब भी प्रभावित इलाकों में बने हुए हैं। राहत और बचाव दल उन तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications