लद्दाख में बाढ़ में फंसे पर्यटक
इस आपदा का पर्यटकों की आमद पर बुरा असर पड़ने से ट्रैवेल एजेंटों की चिंता बढ़ गई है।
गुरुवार की मध्यरात्रि शहर में बादल फटने से भारी बाढ़ आ गई और भू-स्खलन हुआ। इस दौरान कई घर बह गए और हवाई अड्डे पर भी बाढ़ का पानी फैल गया।
लेह-लद्दाख टूर्स के रमेश कुट्टी ने आईएएनएस को बताया, "दस विदेशी पर्यटकों सहित हमारे 25 उपभोक्ता छुट्टियां बिताने लेह गए हुए हैं। टेलीफोन सुविधा बाधित होने के कारण हमें उनके बारे में कोई खबर नहीं है।"
रमेश कुट्टी अपने उपभोक्ताओं एवं पर्वतीय क्षेत्र के अन्य ट्रैवेल एजेंटों से संपर्क साधने में जुटे हुए हैं।
इसी तरह मान टूर्स एंड टैवेल्स के अमृत मान भी अपने उपभोक्ताओं को लेकर चिंचित हैं। सुबह के बाद उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
मान ने कहा, "मेरे उपभोक्ताओं में शामिल एक परिवार के तीन लोग विमान से सुबह ही दिल्ली लौटने वाले थे, लेकिन आपदा के चलते वे वहीं एक होटल में रुक गए हैं।"
मान ने बताया, "उन लोगों से सुबह सात बजे मेरी बात हुई थी। हमें पता है कि वे सुरक्षित हैं और होटल में टिके हुए हैं।"
उल्लेखनीय है कि ट्रैवेल एजेंटों को इस बात की फिक्र है कि यातायात एवं संचार सुविधा बाधित होने का उनके व्यवसाय पर बुरा असर पड़ेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications