निहिता को देनी होगी अग्नि परीक्षा
काठमांडू, 6 अगस्त (आईएएनएस)। चार्ल्स शोभराज की युवा मंगेतर निहिता विस्वास को 15 अगस्त से अग्नि परीक्षा के कठिन दौर से गुजरना होगा। नेपाल का सर्वोच्च न्यायालय निहिता और उसकी मां शकुंतला थापा के खिलाफ 15 अगस्त से अदालत के अवमानना के एक मामले में सुनवाई शुरू करेगा।
इस मामले में निहिता (22) पहले ही एक रात पुलिस लाकअप में गुजार चुकी है और सर्वोच्च न्यायालय के दो न्यायाधीशों पर रिश्वत लेने का आरोप लगाने के लिए उसे एक साल के कारावास की सजा या जुर्माना या फिर दोनों भुगतना पड़ सकता है। निहिता ने सर्वोच्च न्यायालय में शुक्रवार को अपना बयान पूरा कर दिया।
निहिता की मां और शोभराज की वकील शकुंतला थापा ने मंगलवार को न्यायाधीश बलराम केसी और राम कुमार प्रसाद श्रेष्ठ के समक्ष पेश होकर पिछले शुक्रवार की अपनी हरकतों के लिए माफी मांगी थी। लेकिन सर्वोच्च न्यायालय ने फिर भी थापा और उनकी बेटी निहिता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले की सुनवाई 15 अगस्त से शुरू होगी।
दोनों की न्यायिक हिरासत बुधवार को उस समय रद्द कर दी गई, जब तमाम वकील थापा के पक्ष में उठ खड़े हुए। वकीलों ने कहा कि सुनवाई के पूर्व हिरासत की यह घटना अभूतपूर्व है। वकीलों ने इस बात की गारंटी दी कि दोनों देश छोड़ कर कहीं नहीं भागेंगी और जब भी सुनवाई होगी, दोनों अदालत में उपस्थित रहेंगी।
नेपाल के बार एसोसिएशन द्वारा बुधवार को बांड दिए जाने के बाद भी थापा और निहिता को गुरुवार को एक बार फिर कठिन दौर का सामना करना पड़ा।
बलराम केसी के अदालत कक्ष से चले जाने के बाद न्यायमूर्ति शाह, जो कि शोभराज को दोषी ठहराने में शामिल रहे, ने कहा कि मां-बेटी को बार अधिकारियों की ओर से फिर से गारंटी पेश करनी होगी, अन्यथा उन्हें हिरासत में भेज दिया जाएगा।
चूंकि अदालत शुक्रवार को पहले ही बंद हो गया था और अधिकांश बार अधिकारी पहले ही अदालत से जा चुके थे, लिहाजा एक बार ऐसा लगा कि थापा और निहिता को पुलिस लाकअप में एक रात और गुजारनी होगी। लेकिन सौभाग्यवश सर्वोच्च न्यायालय बार एसोसिएशन की पूर्व अध्यक्ष इंद्रा खरल अदालत में अभी भी मौजूद थीं और वह तत्काल दोनों की जमानत देने के लिए तैयार हो गईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications