नौसैनिक अभ्यास में शामिल होगा यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन
सियोल, 6 अगस्त (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया और अमेरिका की नौसेनाओं के बीच पीला सागर में होने वाले नए नौसैनिक अभ्यास में अमेरिका का प्रमुख विमान वाहक विमानवाहक पोत यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन को भी शामिल किया जाएगा।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक दक्षिण कोरिया के रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया, "पीला सागर में होने वाले अभ्यास में अमेरिका का यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन भी शामिल होगा।"
उन्होंने नौसैनिक अभ्यास की तिथियों की जानकारी देने से इंकार कर दिया। दक्षिण कोरिया ने गुरुवार से पीला सागर में पांच दिवसीय पनडुब्बी-रोधी नौसैनिक अभ्यास शुरू कर दिया है।
पिछले महीने अमेरिका और दक्षिण कोरिया की नौसेनाओं के बीच संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया गया था। इस अभ्यास में भी विमान वाहक युद्धपोत यूएसएस जॉर्ज वाशिंगटन ने हिस्सा लिया था।
दक्षिण कोरिया की नौसेना पीला सागर में चलने वाले अभ्यास के दौरान बायेंगयोंग द्वीपसमूह के निकट अभ्यास करने की योजना बना रही थी। यह द्वीपसमूह उत्तर कोरिया की सीमा के निकट स्थित है।
इसी द्वीप समूह के निकट ही गत 26 मार्च को दक्षिण कोरिया का जहाज डूबा था जिसमें 46 लोग मारे गए थे। दक्षिण कोरिया की तरफ से इस घटना की जांच की गई थी जिसमें जहाज डूबने के लिए उत्तर कोरिया को जिम्मेदार ठहराया गया था।
उधर, इस घटना के बाद प्योंगयांग ने हमेशा से ही इस दुर्घटना में शामिल होने से इंकार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications