दादा-दादी की उम्र में रचाया प्रेम विवाह
ठुकराए हुए बुजुर्गो के लिए बने बसेरा वृद्धाश्रम का गुरुवार की शाम नजारा ही निराला था। यहां 65 साल के रवि प्रकाश ठाकुर दूल्हा बने थे और दुल्हन बनी थीं 60 साल की देव बाई।
लगभग आठ साल पहले अपनों से ठुकराए जाने के बाद रवि प्रकाश देवास के बसेरा वृद्धाश्रम में आ गए थे। देव बाई भी वृद्धाश्रम में थीं। वक्त गुजरने के साथ रवि और देव बाई के बीच नजदीकियां बढीं। बाद में हालात यहां तक पहुंच गए कि उन्होंने साथ में जीने-मरने की कसमें खा डालीं। फिर क्या था उन्होंने शादी का ऐलान कर दिया। आश्रम के लिए ऐसा करना समस्या बन गया। मामला प्रति मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई में कलेक्टर तक पहुंचा और उन्होंने शादी करने की अनुमति दे दी।
शादी की अनुमति मिलने के बाद पूरे आश्रम में खुशी का नजारा था। आश्रम प्रबंधक दिनेश चौधरी ने इस शादी की पूरी तैयारी कराई। गुरुवार की शाम को वृद्धाश्रम में ढोल बज रहे थे और बुजुर्ग लोग अपने साथी की शादी में ठुमके लगा रहे थे। रवि पगड़ी बांधे दूल्हा बने तो नारंगी साड़ी में सजी उनकी दुल्हन देव बाई थी। पूरे वैदिक रीति-रिवाज से इनकी शादी कराई गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications