मुंबई हमले से लश्कर के वैश्विक मिशन का खुलासा : अमेरिकी रिपोर्ट
वाशिंगटन, 6 अगस्त (आईएएनएस)। वैश्विक आतंकवाद पर अमेरिका की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि नवंबर 2008 में मुंबई हमले को अंजाम देने वाला पाकिस्तानी आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा वैश्विक और पश्चिमी देशों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार मुंबई हमले से लश्कर के वैश्विक मिशन का खुलासा हुआ है।
गुरुवार को जारी रिपोर्ट में कहा गया, "2008 में मुंबई हमले के बाद से विश्लेषकों ने गहरी चिंता जताई है कि यह एक वास्तविक वैश्विक खतरे के रूप में उभर सकता है।"
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हमले के लिए जिम्मेदार सरगनाओं के खिलाफ पाक के कार्रवाई करने में असमर्थ होने के कारण भारत के साथ उसकी शांति वार्ता प्रभावित हुई है।
आतंकवाद निरोधक समन्वयक डेनियल बेंजामिन ने 'वर्ष 2009 में आतंकवाद पर रिपोर्ट' जारी की, जिसमें कहा गया है, "यह साबित हो गया है कि लश्कर अमेरिका और विदेश में जहां अमेरिका के हित जुड़े हैं, वहां हमला करने का इच्छुक है।"
पाकिस्तानी अमेरिकी आतंकवादी डेविड हेडली की गिरफ्तारी के बाद लश्कर ए तैयबा के बारे में हुए खुलासे आतंकवाद के खिलाफ जंग में एक नई चुनौती पैदा की है। लश्कर का सदस्य हेडली मुंबई पर हुए हमले में आरोपी है।
हेडली ने इस हमले को अंजाम देने में शामिल होने और आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े होने की बात एक अमेरिकी अदालत में स्वीकार की है।
रिपोर्ट में इसका उल्लेख करते हुए कहा गया है, "लश्कर ने आतंकवाद के खिलाफ जंग में एक नई तरह की चुनौती पैदा की हैं।"
रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि लश्कर की गतिविधियों से साफ है कि इसके निशाने पर अमेरिका और अन्य पश्चिमी देश हैं जहां के लोगों को यह संगठन ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाना चाहता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications