रेड्डी बंधुओं ने सुषमा से मुलाक़ात की

कर्नाटक में अवैध खनन के आरोपों से घिरे रेड्डी बंधुओं ने दिल्ली में भाजपा नेता सुषमा स्वराज और मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा से मुलाक़ात की है.
कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदुरप्पा पर मंत्रिमंडल से रेड्डी बंधुओं को हटाने का ज़बर्दस्त दबाव है. इसी के मद्देनज़र येदुरप्पा दिल्ली में वरिष्ठ पार्टी नेताओं से मिलने आए हुए हैं.
शनिवार को येदुरप्पा ने दिन भर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से इस मुद्दे पर चर्चा की है. येदुरप्पा ने इसी मामले में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भी बात की है.
भाजपा नेतृत्व के समक्ष अब संकट है कि वो क्या फैसला करें क्योंकि राज्य मंत्रिमंडल में जी जनार्दन रेड्डी और जी करुणाकर रेड्डी मंत्री है. अगर इन्हें विपक्ष के दबाव के तहत हटाया गया तो पार्टी की छवि ख़राब होगी.
दूसरी तरफ़ रेड्डी बंधुओं पर अवैध खनन के गंभीर आरोप हैं और विपक्ष इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करता रहा है.
माना जा रहा है कि सुषमा स्वराज ने रेड्डी बंधुओं से कहा है कि वो स्वयं पद से इस्तीफ़ा दे दें और मामले की लोकायुक्त से जांच होने दें.
मुलाक़ात के बाद रेड्डी बंधुओं ने अपने इस्तीफ़े के बारे में कुछ भी साफ़ नहीं बताया और कहा कि उन पर लगे सभी आरोप झूठे हैं.
रेड्डी बंधुओं का विवाद और राजनीति से नाता पुराना है. रेड्डी बंधुओं का कर्नाटक में खनन का बड़ा कारोबार है और कई बार उन पर अवैध खनन के आरोप लगते रहे हैं.
पहले रेड्डी बंधु राजनीति से दूर रहे लेकिन बाद में वो बीजेपी में शामिल हुए. कुछ ही समय पहले रेड्डी बंधुओं के नज़दीकी माने जाने वाले एक मंत्री ने मुख्यमंत्री येदुरप्पा के लिए मुश्किले खड़ी कर दी थीं.












Click it and Unblock the Notifications