दलाई लामा से मुलाकात करेंगी निरुपमा राव
धर्मशाला, 10 जुलाई (आईएएनएस)। विदेश सचिव निरुपमा राव शनिवार को धर्मशाला के निकट निर्वासित तिब्बती सरकार के मुख्यालय मैकलियोडगंज पहुंचेगी। इस दौरान उनका दलाई लामा से मिलने का कार्यक्रम है।
जिले के पुलिस अधीक्षक अतुल फुलजेले ने आईएएनएस को बताया, "राव लगभग 1.30 बजे मैकलियोडगंज पहुंचेगी। उनका यहां दो दिन रुकने का कार्यक्रम है।" राव चीन में भारत की पूर्व राजदूत भी रह चुकी हैं।
विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार राव का दलाई लामा से मिलने और तिब्बती निर्वासित सरकार के अधिकारियों के साथ चर्चा करने के अलावा कोई कार्यक्रम नहीं है।
मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, "दलाई लामा के आधिकारिक आवास पर दोपहर बाद राव उनसे मुलाकात करेंगी जहां उनके प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।"
दलाई लामा के कार्यालय ने हालांकि राव की यात्रा के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है।
दलाई लामा के कार्यालय में संयुक्त सचिव तेंजिन तक्लहा ने बताया, "फिलहाल हम कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं।" वे लोग राव के सम्मान में शनिवार को रात्रिभोज दे रहे हैं।
दलाई लामा के कार्यालय के सूत्रों के मुताबिक राव और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता दलाई लामा के बीच निर्वासित तिब्बतियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि राव रविवार दोपहर दिल्ली रवाना हो जाएंगी। इससे पहले राव की यहां की कई यात्राएं रद्द हो चुकी हैं।
पुलिस उपायुक्त (कांगड़ा) आर.एस.गुप्ता ने आईएएनएस को बताया, "इससे पहले राव की यात्रा तीन-चार बार रद्द हो चुकी है।"
हिमाचल प्रदेश की सरकार ने भी राव को राजकीय मेहमान घोषित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications