बिहार बंद : राजद ने सफल तो जद (यू) ने असफल बताया (राउंडअप)
राजद अध्यक्ष एवं पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद ने इस बंद को पूरी तरह सफल करार देते हुए महंगाई के लिए राज्य और केन्द्र सरकार को पूरी तरह दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि इस बंद को आम लोगों का समर्थन मिला।
लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान ने भी कहा कि इस बंद में आम लोगों की भागीदारी हुई, जिससे बंद पूरी तरह सफल रहा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बंद को पूरी तरह असफल बताया। उन्होंने कहा कि जब सभी विपक्षी दल इसके पूर्व ही भारत बंद कर चुके हैं तो इस बंद का महत्व ही नहीं है।
राजद और लोजपा के बिहार बंद का राज्य में मिला-जुला असर देखा गया। इस दौरान पूरे राज्य में 11 हजार से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया।
राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों में बंद समर्थक सुबह से ही सड़कों पर नजर आने लगे थे। बंद समर्थकों द्वारा पटना सहित छपरा, बक्सर, हाजीपुर और जहानाबाद में बंद समर्थकों द्वारा रेल मार्ग बाधित किया गया।
इन इलाकों में बंद समर्थकों ने सड़क जाम कर दिया और सड़क पर आगजनी की। इस दौरान बंद समर्थकों ने राहगीरों और वाहन चालकों से मारपीट भी की।
नालंदा में राजद और लोजपा के कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी जुलूस निकाला तो दानापुर में जानवरों के साथ बंद समर्थकों ने प्रदर्शन किया। हाजीपुर में रेलवे पटरी पर बंद समर्थकों ने आगजनी की।
इसके अलावा जहानाबाद, छपरा, सासाराम, दरभंगा, बक्सर, कैमूर में मुख्य मार्गो को बंद कर घंटों जाम रखा गया।
बंद के दौरान सड़क पर लोग कम निकले। पटना सहित आसपास के क्षेत्रों में व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद थे तथा सरकारी कार्यालयों में लोगों की उपस्थिति कम थी। बंद के कारण पटना के सभी निजी विद्यालय बंद थे।
छपरा, बांका, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और मुंगेर में भी बंद का असर देखा गया। बंद के कारण सड़क पर वाहन कम नजर आए वहीं बंद के कारण ट्रेनों के परिचालन पर भी असर पड़ा। आवागमन ठप होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बंद के दौरान राज्य भर में 11 हजार से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया। राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने बताया के बंद के दौरान पूरे राज्य में 11,317 लोगों को हिरासत में लिया गया जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
हिरासत में लिए गए लोगों में लालू प्रसाद, पासवान, पूर्व मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह सहित कई नेता शामिल थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications