पंजाब और हरियाणा में पानी उतरा, मृतकों की संख्या 32 हुई (लीड-1)
चण्डीगढ़, 10 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब और हरियाणा में बाढ़ के कारण मृतकों की संख्या बढ़ कर 32 हो गई है। दोनों राज्यों में बाढ़ के कारण 1,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इसके साथ ही बाढ़ का पानी उतरना शुरू हो गया है।
पंजाब सरकार ने कहा है कि बाढ़ के कारण राज्य को 350 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, वहीं हरियाणा ने नुकसान की राशि 650 करोड़ रुपये बताई है।
हरियाणा के वित्त आयुक्त और प्रधान सचिव (राजस्व) नरेश गुलाटी ने आईएएनएस को बताया कि राज्य में अब तक बाढ़ के कारण 11 लोगों के मारे जाने की सूचना है।
पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि बाढ़ के कारण राज्य में अब तक 21 लोग मारे गए हैं। बाढ़ के कारण पटियाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, रोपड़, नवांशहर और मनसा जिले प्रभावित हुए हैं।
बादल ने शनिवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से अपील की कि वे नुकसान के आकलन के लिए तत्काल एक केंद्रीय दल पंजाब भेजें। बादल ने कहा कि 566 से अधिक गांव बाढ़ में जलमग्न हैं, दो लाख हेक्टेयर से अधिक खेतों की फसलें नष्ट हो गई हैं।
बादल ने कहा, "प्रारंभिक आंकड़े के अनुसार पंजाब को 350 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।"
दूसरी ओर दोनों राज्यों के प्रभावित इलाकों में बीते दो दिनों से बारिश न होने के कारण प्रशासन ने राहत कार्यो को तेज कर दिया है।
दोनों राज्यों में अधिकारी और स्वयंसेवी संगठन प्रभवित इलाकों में लोगों को मदद पहुंचाने में जुटे हुए हैं। कई इलाके अभी भी डूबे हुए हैं।
हरियाणा में सतलुज-यमुना नहर में दरार को सैनिकों ने पाट दिया है। स्थिति बिगड़ने के बाद अंबाला, कुरुक्षेत्र और कैथल जिलों में सेना बुलाई गई थी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का तीन दिनों में दूसरा दौरा किया था।
हुड्डा के सामने बाढ़ प्रभावितों ने अपने गुस्से का खुलकर इजहार किया। राज्य सरकार ने बाढ़ से 650 करोड़ रुपये की क्षति का अनुमान लगाया है। हरियाणा में लाखों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न है। फसल भी बर्बाद हो गई है।
अंबाला के उपायुक्त समीर पाल स्रोव ने कहा कि अंबाला शहर और छावनी के कई इलाकों में घुसे पानी को लगभग निकाल दिया गया है।
उन्होंने कहा, "ग्रामीण इलाकों में पानी अब कम हो रहा है। हमने राहतकर्मियों और स्वयंसेवियों को प्रभावित इलाकों में भेजा है।"
उधर, पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखवीर सिंह बादल ने राज्य के बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए 28 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की है। पटियाला और संगरूर जिलों में कई इलाके अभी भी जलमग्न हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications