संकरित चावल के प्रसार के लिए कार्यदल गठित हो : पवार
कोलकाता, 10 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने शनिवार को कहा कि संकरित चावल के प्रचार-प्रसार के लिए राष्ट्रीय कार्यदल का गठन किया जाए।
पूर्वी क्षेत्रों में कृषि विकास पर आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन के बाद पवार ने एक पत्रकार वार्ता में कहा, "प्रस्तावित कार्यदल संकरित चावल के प्रचार-प्रसार के लिए रणनीति तय करेगा, इसमें बीज के उत्पादन, खरीदारी और विपणन के लिए सार्वजनिक निजी भागीदारी के प्रारूप पर राज्यों और सभी हितग्राहियों को ध्यान में रखते हुए विचारपत्र तैयार किया जाएगा।"
उन्होंने संकरित चावल की और किस्में तैयार करने के लिए ज्यादा शोध की आवश्यकता जताते हुए कहा, "मुझे लगता है कि बड़े पैमाने पर संकरित चावल को बढ़ावा दे रहे चीन के प्रचार-प्रसार कार्यक्रम से हमें सीख लेनी चाहिए।"
संकरित चावल के मामले में चीन की बेजोड़ सफलता का हवाला देते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि चीन में चावल की उत्पादकता प्रति हेक्टेयर 6.6 टन है जबकि भारत में चावल की प्रति हेक्टेयर उत्पादकता 3.3 टन है।
पवार ने कहा, "देश में कृषि क्षेत्र का प्रभावी विकास करने के लिए हमें संकरित बीजों से खेती पर जोर देना होगा और उचित दामों पर इनकी उपलब्धता सुनिश्चित करनी होगी।"
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री के. वी. थामस संकरित बीजों के बारे में ज्यादा जानकारियां जुटाने के लिए चीन का दौरा कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications