जगन मुख्यमंत्री बनने का सपना देख सकते हैं : रोसैया
नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के.रोसैया ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस सांसद वाई.एस.जगनमोहन रेड्डी मुख्यमंत्री पद का सपना देख सकते हैं और उसकी ख्वाहिश रख सकते हैं।
रोसैया ने एनडीटीवी के साथ एक साक्षात्कार में कहा, "जगन नौजवान हैं और उनका अपना भविष्य है। उन्हें उचित सलाह की जरूरत है। वह मुख्यमंत्री पद का सपना देख सकते हैं, ख्वाहिश रख सकते हैं और उसके लिए कोशिश कर सकते हैं, लेकिन इस पद को पाने का एक तरीका है।"
रोसैया ने कहा, "उन्हें कुछ समय तक इंतजार करना चाहिए था और फिर अपनी दावेदारी करनी चाहिए थी।"
ज्ञात हो कि आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री, वाई.एस.राजशेखर रेड्डी के बेटे जगनमोहन कांग्रेस नेतृत्व के निर्देशों को दरकिनार कर अपनी विवादास्पद 'ओडरपू यात्रा' (श्रद्धांजलि यात्रा) को जारी रखे हुए हैं।
इस यात्रा का विरोध करने वाले रोसैया ने कहा कि वह जगनमोहन की श्रद्धांजलि यात्रा को किसी गंभीर मामले के रूप में नहीं देखते। उन्होंने कहा, "मैं नहीं समझता कि यह कांग्रेस के लिए कोई गंभीर मामला है, जिसे कि अवज्ञा माना जाए।"
रोसैया ने कहा, "विधायकों के पारिवारिक सदस्यों को यात्रा में शामिल होने से नहीं रोका गया है। जगन कोई शत्रु नहीं हैं, वह कांग्रेस के सदस्य हैं। वह सांसद हैं।" उन्होंने कहा कि वह अपने उस निर्णय पर कायम हैं, जिसमें उन्होंने अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों और पार्टी विधायकों को यात्रा से दूर रहने के लिए कहा है।
ज्ञात हो कि जगनमोहन ने अपनी 'ओडरपू यात्रा' गुरुवार को आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शुरू की थी। उनकी यात्रा में भारी भीड़ जमा हो रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications