'जनसंख्या विस्फोट रोकने को बने कानून'
नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। देश की 1.2 अरब आबादी के साथ 11 जुलाई को हम विश्व जनसंख्या दिवस मनाने जा रहे हैं। इस अवसर पर राजधानी की फैशन बिरादरी ने जनसंख्या विस्फोट रोकने के लिए कानून बनाए जाने की बात कही है।
फैशन की दुनिया के लोगों में से ज्यादातर लोग तो बढ़ती आबादी की इस समस्या को अपने कार्यक्षेत्र में मुद्दा बना रहे हैं।
दिल्ली की फैशन डिजाइनर तनिशा मोहन चाहती हैं कि बढ़ती आबादी के कारण देश में व्यवस्थाएं चरमरा जाने से पहले कोई कदम उठाया जाए।
तनिशा मोहन ने आईएएनएस से कहा, "जनसंख्या विस्फोट के प्रति जागरूकता लाने का एक तरीका यह है कि हाशिए पर पड़े लोगों में शिक्षा का प्रचार-प्रसार किया जाए। महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलना चाहिए और देश में 'हम दो हमारे दो' की व्यवस्था को कड़ाई से लागू किया जाना चाहिए। चीन की तरह ही भारत को भी आबादी नियंत्रण के लिए कानून बनाने चाहिए।"
तनिशा और उनके पति रॉबी मोहन ने राजधानी के नजदीक ही एक गांव को गोद लिया है, जहां वे बाल शिक्षा को प्रायोजित करने के अलावा जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूकता भी फैला रहे हैं।
फैशन डिजाइनर्स और कलाकार प्रियंका व अंकुर मोदी अपनी कला के जरिए जनसंख्या नियंत्रण का संदेश फैला रहे हैं।
प्रियंका और अंकुर की इस कृति में एक पारंपरिक तीन पहिया वाहन में बढ़ती जनसंख्या का असर दिखाया गया है। कुतुब में गुरुवार को सिरेमिक से बनी इस कलाकृति का अनावरण हुआ। यह कृति आबादी की अधिकता और बढ़ती भीड़ की प्रतीकात्मक प्रस्तुति है।
प्रियंका कहती हैं, "भारत में आबादी ज्यादा है और अचानक ही सड़कों पर लोगों की संख्या बढ़ गई है। आबादी की बढ़ती समस्या की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए कला ताजगी से भरा माध्यम है क्योंकि यह लोगों को लुभाती है।"
संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के तहत 1989 में विश्व जनसंख्या दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी। चिंताजनक रूप से बढ़ती आबादी की ओर जनमत इकट्ठा करने के मकसद से यह शुरुआत की गई थी। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों के मुताबिक विश्व जनसंख्या करीब 6.8 अरब है।
वर्ष 1947 के बाद भारत की आबादी में तीन गुना वृद्धि हुई है। उस वक्त यहां की आबादी मुश्किल से 35 करोड़ थी। परिवार नियोजन के कमजोर तरीकों, अशिक्षा, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के अभाव, अंधविश्वास और विकासात्मक असंतुलन के चलते आबादी तेजी से बढ़ी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications