असम घोटाला संसद में उठाया जाएगा : भाजपा
भाजपा नेता और झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने यहां संवाददाताओं से कहा, "हम चाहेंगे कि भ्रष्टाचार से संबंधित इस अति गंभीर मामले को संसद में उठाया जाए। हमारे सांसद इस मुद्दे पर आगामी मानसून सत्र में बहस करना चाहेंगे।"
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पिछले वर्ष इस मामले का खुलासा किया था कि नार्थ कछार हिल्स जिले में राजनीतिज्ञों-आतंकियों-नौकरशाहों-ठेकेदारों के गिरोह ने सरकारी कोष को ठिकाने लगा दिया है।
मामले को बाद में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है।
मुंडा ने कहा, "यह मामला वाकई में अति गंभीर है, क्योंकि इसमें राजनीतिज्ञों के साथ सरकारी धन को ठिकाने लगाने में आतंकी भी शामिल हैं। इसलिए हमने तय किया है कि यह मामला संसद में उठाया जाए, ताकि हर व्यक्ति यह जान सके कि असम में क्या कुछ हो रहा है।"
मुंडा, पार्टी संबंधी बैठकों के लिए इन दिनों गुवाहाटी में हैं।
पिछले महीने सीबीआई ने गुवाहाटी में घोटाले के आरोपी एक अधिकारी के रिश्तेदार के घर से बोरियों और बाक्सों में भर कर रखे गए 13.05 करोड़ रुपये नकदी बरामद किया था।
यह घर अमजद हुसैन का था। हुसैन असम के नार्थ कछार हिल्स जिले में हुए लाखों रुपये के वित्तीय घोटाले के एक मुख्य आरोपी आर.एच.खान का साला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications