ओबामा के भारत दौरे की जमीन तैयार करने आएंगे जनरल जोंस
वाशिंगटन, 10 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति बराक ओबामा की नवंबर में प्रस्तावित भारत यात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए जमीन तैयार करने के संबंध में उनके राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जनरल जेम्स जोंस अगले सप्ताह भारत का दौरा करेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता माइक हैमर ने शुक्रवार को कहा कि 14 से 16 जुलाई की अपनी नई दिल्ली यात्रा के दौरान जोंस अपने समकक्ष शिवशंकर मेनन और अन्य वरिष्ठ भारतीय अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
हैमर ने कहा, "वह आतंकवाद के खात्मे की रणनीतियों में सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा, रक्षा सहयोग और निर्यात नियंत्रण जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे।"
हैमर ने कहा, "जनरल जोंस के पास राष्ट्रपति ओबामा की नवंबर में प्रस्तावित भारत यात्रा को सफल बनाने के लिए जमीन तैयार करने का भी मौका है।"
पिछले महीने भारत-अमेरिका रणनीतिक वार्ता के उद्घाटन के बाद विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा के स्वागत कार्यक्रम में ओबामा ने कहा था, "अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में व्यक्तिगत तौर पर मेरे लिए और मेरे प्रशासन के लिए भारत के साथ रिश्ते हमारी प्राथमिकताओं की सूची में सर्वोच्च स्थान पर है।"
उन्होंने कहा था कि जब महान समृद्धि के लिए भविष्य बनाने, संभावनाएं विकसित करने और लोगों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दे आएंगे तो मैं भारत अवश्य जाऊंगा लेकिन अभी भारत जाने के बारे में सोचकर मुझे गर्व हो रहा है।
ओबामा के भारत दौरे की तैयारी के सिलसिले में विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा के अलावा वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी और वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा भी अमेरिका की यात्रा कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications