बंद को सफल बनाने सड़क पर उतरे रामविलास
पटना, 10 जुलाई (आईएएनएस)। पेट्रोलियम पदार्थो की कीमतों में इजाफे के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के बिहार बंद के दौरान लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान भी सड़क पर उतरे।
उन्होंने बंद के सफल होने का दावा किया। पासवान ने कहा कि राजद और लोजपा ने राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार, बिजली व पानी की समस्याओं और पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य वृद्घि के खिलाफ बंद का आयोजन किया था, जिसे आम जनता का पूरा समर्थन मिला। जनता सड़क पर उतरी और बंद को पूरी तरह सफल बनाया। इसके लिए उन्होंने जनता को धन्यवाद दिया।
पासवान ने कहा कि वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ कभी नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता दल-युनाइटेड, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गोद में खेल रही है।
पासवान ने नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका रिपोर्ट कार्ड झूठ का पुलिंदा है। वह जनता को मूर्ख बना रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications